पटना। रोटरी पाटलिपुत्र के नव निर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन समीर झुनझुनावाला ने सचिव रोटेरियन स्वाति मोदी और बोर्ड की पूरी टीम के साथ नये रोटरी वर्ष 23-24 के लिए पदभार ग्रहण किया। स्थानीय होटल में आयोजित एक समारोह में तत्काल पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन अनिल रिटोलिया ने कॉलर पहना कर रो. समीर को क्लब की बागडोर सौंपी।

समारोह में एडीजी पुलिस मुख्यालय जेएस गंगवार मुख्य अतिथि थे। इसके अलावा कार्यक्रम में रोटरी के तत्काल पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजीव ठाकुर सहित कई पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, क्लब के सभी सदस्य और अनेक रोटेरियंस मौजूद थे। रोटरी पाटलिपुत्र के पदभार सौंपने के कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष रिटोलिया ने रोटरी वर्ष 22-23 में क्लब द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों का उल्लेख किया। रोटरी पाटलिपुत्र को इनके कार्यकाल में किए गये उत्कृष्ट कार्यों के लिए बिहार- झारखण्ड के 106 क्लबों में सर्वश्रेष्ठ क्लब का खिताब मिला है। इस क्लब को यह खिताब पांचवी बार मिला है। समारोह में डीजीई बिपिन चाचन जी ने कई नये सदस्यों से सभी को रूबरू कराया। सभी वक्ताओं ने रोटरी पाटलिपुत्र द्वारा किए जा रहे समाज सेवा के कार्यों की भरपूर प्रशंसा की।

अध्यक्ष समीर झुनझुनवाला ने बताया कि रोटरी पाटलिपुत्र द्वारा किये जा रहे अनेक सामाजिक कार्यों में मुख्य डायलिसिस सेंटर, आंख अस्पताल, ब्लड सेंटर, मुक्ति रथ शव वाहन, ऑक्सीजन सिलेंडर तथा ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर बैंक, सहेली सेंटर, वाटर जंक्शन प्रमुख है। कुछ ही दिनों में एक मोबाइल आई चेकअप वैन भी रोटरी पाटलिपुत्र समाज को समर्पित करने वाला है। कार्यक्रम में वीणा जैन को रोटरियन ऑफ द ईयर एवं पीके अग्रवाल को भीष्म अवार्ड से सम्मानित किया गया। एमपी जैन ने बताया कि मौके पर पीडीजी संजीव ठाकुर, एलबी सिंह, चिरंजीवी खंडेलवाल, राकेश कुमार, राजेश सिंह समेत पटना के सभी रोटरी क्लब के अध्यक्ष उपस्थित रहे।





