पटना। बिहार की प्रसिद्ध शास्त्रीय सितार वादक विदुषी दीपाली बनर्जी का 21 मई की शाम 6:45 बजे निधन हो गया। अपने सितार वादन की अतुलनीय प्रतिभा से देशभर में अपने नाम का परचम लहराने वाली दीपाली बनर्जी की शिक्षा गुरु पं. अरुण कुमार चैटर्जी के पास हुई। तत्पश्चात इन्होंने 30 वर्षों तक मगध महिला कॉलेज में प्रोफेसर के रूप में बच्चों को शिक्षित किया।
दीपाली बनर्जी के पति पं. प्रद्युत बनर्जी भी एक विख्यात शास्त्रीय संगीतकार थे। आज इनकी संगीत परंपरा को इनके बेटे प्रतीक बनर्जी आगे बढ़ा रहे है । विदुषी दीपाली बनर्जी का निधन संगीत जगत और संगीतज्ञों के लिए एक बहुत बड़ा झटका एवं उदासीनता का विषय है। उनकी कमी कभी पूरी नहीं की जा सकती है।





