पटना। बिहार के लिए मंगलवार बेहद गौरव का दिन रहा। बिहार के पांच जिलों को भूमि सम्मान से नवाजा गया है। पारदर्शी भू-प्रबंधन प्रणाली विकसित करने और इसे आधुनिक स्वरूप देने और पारदर्शी स्वरूप देने सफलता हासिल करने पर राजस्व विभाग के अपर मुख्य सचिव, सचिव सह निदेशक, भू-अभिलेख जय सिंह और आईटी मैनेजर आनंद शंकर को राष्टपति द्रौपदी मुर्मू ने ‘भूमि सम्मान’ पुरस्कार दिया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नयी दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित एक शानदार समारोह में बिहार सरकार के अधिकारियों को ‘भूमि सम्मान’ प्रदान किया। इसके साथ ही ‘भूमि सम्मान’ से नवाजे जाने वाले बिहार के 5 जिले नालंदा, जहानाबाद, भोजपुर, लखीसराय और किशनगंज के तीन-तीन पदाधिकारियों को भी राष्ट्रपति ‘भूमि सम्मान’ प्रदान किया। इसमें पांच जिलों के डीएम और एडीएम शामिल थे। गौरतलब है कि ‘भूमि सम्मान’ के लिए 9 राज्यों के 68 जिलों का चयन किया गया था, जिसमें बिहार के 5 जिले शामिल हैं।

