पटना। इनर व्हील क्लब ऑफ पाटलिपुत्र ने जरूरतमंद किशोरियों के स्वास्थ्य और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स के कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र में संपन्न हुआ, जिसकी देखरेख डॉ. गीता जैन ने की। इस अवसर पर किशोरियों को कढ़ाई किट और सेनेटरी पैड वितरित किए गए। कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब ऑफ पाटलिपुत्र की अध्यक्ष संगीता गोयल, पास्ट प्रेजिडेंट बबिता बिदासरिया, पुष्पा बिरला समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। उन्होंने जरूरतमंद किशोरियों को न केवल आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया।
महत्वपूर्ण पहल
डॉ. गीता जैन ने इस कार्यक्रम को किशोरियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा, “इस पहल का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना है। हमें उम्मीद है कि यह कार्यक्रम उनके जीवन को बेहतर बनाएगा।” इनर व्हील क्लब ऑफ पाटलिपुत्र की अध्यक्ष संगीता गोयल ने कहा कि यह कार्यक्रम क्लब की सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हमें यह पहल करते हुए बहुत खुशी हो रही है। हमारा प्रयास है कि किशोरियों को न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए, बल्कि उन्हें अपने कौशल को निखारने के लिए आवश्यक संसाधन भी प्रदान किए जाएं। इस कार्यक्रम के माध्यम से क्लब ने समाज में अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत किया और जरूरतमंद किशोरियों के सशक्तीकरण की दिशा में एक और कदम बढ़ाया। क्लब के अन्य सदस्यों ने भी इस पहल की सराहना की और भविष्य में इस तरह के और भी कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
