महावीर जयंती पर आज निकलेगी भव्य शोभा यात्रा, पटना होगा भक्तिमय

पटना। अहिंसा, करुणा और प्रेम के प्रतीक भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक के पावन अवसर पर 10 अप्रैल को पटना में भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। यह शोभा यात्रा बुधवार सुबह 8 बजे मीठापुर जैन मंदिर से प्रारंभ होगी। श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जैन मंदिर कांग्रेस मैदान पर समाप्त होगी। वहां 108 कलशों से भगवान महावीर का अभिषेक, पूजन और आरती की जाएगी। इसके उपरांत सामूहिक वात्सल्य भोज का आयोजन भी होगा।

जैन संघ के मीडिया सचिव एमपी जैन ने बताया कि इस शोभा यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होंगे। महिलाएं केसरिया परिधान और पुरुष सफेद वस्त्र धारण कर भक्ति गीतों और नृत्य के माध्यम से भगवान महावीर के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे। स्कूटी रैली के माध्यम से महिलाएं जियो और जीने दो, प्राणी मात्र से प्रेम करो जैसे संदेशों के साथ अहिंसा का प्रचार करेंगी।

इस शोभा यात्रा का स्वागत पूरे मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा, आरती और मंगल कलश से किया जाएगा। भक्तों की टोली पूरे रास्ते भजन, संकीर्तन और नृत्य प्रस्तुत करती चलेगी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बन जाएगा। यह शोभा यात्रा मीठापुर जैन मंदिर से निकलकर मीठापुर पुल, बुधमार्ग पेट्रोल पंप, इस्कॉन मंदिर, इनकम टैक्स गोलंबर, मौर्यालोक, डाकबंगला चौराहा, एक्जीबिशन रोड, भट्टाचार्य रोड, पीरमुहानी, कदमकुआं होते हुए कांग्रेस मैदान स्थित जैन मंदिर पहुंचेगी।

भगवान महावीर का संपूर्ण जीवन बिहार की धरती से जुड़ा रहा है। यही उनकी जन्मभूमि, कर्मभूमि और निर्वाण भूमि है। भगवान महावीर के पंच कल्याणक—गर्भ, जन्म, दीक्षा, ज्ञान और निर्वाण—सब यहीं संपन्न हुए हैं। इसलिए बिहार में महावीर जयंती का विशेष महत्व है। कार्यक्रम के अंतिम चरण में संध्या 6 बजे बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स सभागार में एक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें बच्चों और महिलाओं द्वारा भगवान महावीर के जीवन, उपदेशों और सिद्धांतों पर आधारित नृत्य, नाटक और भजन प्रस्तुत किए जाएंगे।

undekhilive
Author: undekhilive

Leave a Comment

× How can I help you?