25 मरीजों का नि:शुल्क मोतियाबिंद का ऑपरेशन करेंगे डॉ. शशि मोहनका…शादी की 25वीं वर्षगांठ पर नेक पहल

पटना। राधादेवी मोहनका चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से फेको विधि से मोतियाबिंद ऑपेरशन के लिए निःशुल्क आंख जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन महापौर सीता साहू, उपमहापौर रेशमी चंद्रवंशी, अमर अग्रवाल, डॉ. गीता जैन, डॉ. शशि मोहनका ने संयुक्त रूप से किया।

इस शिविर में 154 मरीजों के आंखों की जांच की गई। इनमें से 25 मरीजों का चयन मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए किया गया। डॉ. मोहनका ने बताया कि इनलोगों का मोतियाबिंद काफी अधिक बढ़ा हुआ था। इन्हें देखने मे काफी कठिनाई हो रही थी। मौके पर मेयर सीता साहू ने कहा कि लोग अपनी शादी की 25वीं वर्षगांठ फाइव स्टार होटलों या रिसोर्ट में मनाते हैं लेकिन डॉ. मोहनका मरीजों के बीच उनके साथ उनका मुफ्त में मोतियाबिंद ऑपरेशन कर अपनी एनिवर्सरी मना रहे हैं। जिस दौर में चिकित्सा व्यवसाय बन गया है, वैसे समय में यह कैंप काफी राहत देने वाला है। डॉक्टर को भगवान का दर्जा प्राप्त है। डॉ. मोहनका इस दायित्व का बखूबी निर्वहन कर रहे हैं। दूसरे चिकित्सकों को इनसे सीख लेनी चाहिए।

मौके पर डॉ. गीता जैन ने कहा कि डॉ. मोहनका अपने सामाजिक दायित्व के तहत निःशुल्क ऑपरेशन कर रहे हैं। यह सराहनीय कदम है। मौके पर बिहार प्रादेशिक अग्रवाल सम्मेलन के अध्यक्ष अमर अग्रवाल ने कहा कि डॉ. मोहनका पिछले दस वर्षों से महीने के तीसरे रविवार को दादी मंदिर में मरीजों के आंखों की जांच करते हैं एवं निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपेरशन करते हैं। ट्रस्ट के सचिव एमपी जैन ने बताया कि आंख जांच के लिए आये सभी 154 मरीजो को खाने का पैकेट दिया गया। ऑपेरशन के बाद सभी को मुफ्त में दवा एवं चश्मा भी दिया जाएगा। मौके पर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष बिनोद अग्रवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

undekhilive
Author: undekhilive

Leave a Comment