पटना। राजधानी के साथ पूरे बिहार में घने कोहरा का असर जारी है। यह स्थिति अगले दो दिनों तक बनी रहेगी। नव वर्ष के पहले दिन राजधानी समेत प्रदेशभर में ठंड से राहत नहीं मिलेगी। धूप नहीं निकलने से ठंड कम नहीं हुई है लेकिन यह राजधानीवासियों के नये साल के उत्साह को कम नहीं कर सकी। राजधानी व आसपास के प्रमुख स्थलों पर लोग उत्साह से घूमने और पिकनिक मनाने निकले।
शनिवार को राजधानी पटना का अधिकतम तापमान दो डिग्री की गिरावट के साथ 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दो डिग्री गिरावट के बाद 6.3 डिग्री के साथ गया सबसे ठंडा शहर रहा। मौसम विज्ञानी ने पूर्वानुमान के आधार पर बताया कि मध्य भारत में बने प्रतिचक्रवात, प्रदेश में दो तरफा हवा मिलने के कारण नमी में बढ़ोतरी होने से कोहरे का प्रभाव बना हुआ है। इसके प्रभाव से दिन व रात में कनकनी के साथ लोगों को ठंड का अहसास होगा। शनिवार को गया, भागलपुर, पूर्णिया, पटना में घना कोहरा छाया रहा। आंशिक बादल रहने के कारण धूप का असर कम होने से कनकनी भरी ठंड से लोग परेशान रहे। पूर्णिया व पटना में 50 मीटर दृश्यता रही। गया जिला प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। प्रदेश के गया, औरंगाबाद, मुजफ्फरपुर, सीवान , पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, बेगूसराय, शेखपुरा, नवादा, बांका, सबौर, खगड़िया, सहरसा, सीतामढ़ी में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहा। वहीं दूसरी ओर पटना, गया, औरंगाबाद, शेखपुरा व बांका जिले के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दो दिनों के बाद प्रदेश के मौसम में बदलाव की संभावना है। तापमान में आंशिक वृद्धि होने से ठंड में कमी आएगी।
………………..
प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान
पटना 10.0
गया 6.3
भागलपुर 10.3
समस्तीपुर 7.5
सहरसा 10.6
सबौर 7.0
नवादा 9.6
पूर्णिया 11.0
कटिहार 11.2
बांका 7.7
औरंगाबाद 7.7
मुजफ्फरपुर 9.8
सीवान 8
(डिग्री सेल्सियस में)
![undekhilive](https://secure.gravatar.com/avatar/3cc0cca7dc18c4a7a7aa3945560ed884?s=96&r=g&d=https://undekhilive.com/wp-content/plugins/userswp/assets/images/no_profile.png)