सम्यक न्यूज़, पटना.
पूर्व आईपीएस अधिकारी आचार्य किशोर कुणाल को बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद का सदस्य बनाया गया है। बिहार सरकार के विधि विभाग द्वारा इससे सम्बन्धित अधिसूचना जारी कर दी गयी है. पूर्व में भी श्री कुणाल मई 2006 में धार्मिक न्यास बोर्ड के प्रशासक और 2010 में इसके अध्यक्ष रह चुके हैं.
अपने पहले कार्यकाल में आचार्य किशोर कुणाल ने धार्मिक न्यास पर्षद में कई महत्वपूर्ण कदम उठाये थे. बोर्ड की छवि एक ‘भ्रष्ट’ निकाय की थी। कर्मचारियों के 100 महीने का वेतन बकाया था और पटना हाईकोर्ट में हजारों मामले लंबित थे। उनके लगभग एक दशक के कार्यकाल में कई विशाल मंदिरों का निर्माण किया गया। कुणाल की पहल को सरकार का भी समर्थन मिला और मंदिरों और मठों की संपत्ति की रक्षा और संरक्षण के लिए बिहार हिंदू धार्मिक ट्रस्ट अधिनियम में एक बड़ा संशोधन भी किया गया था।
श्री कुणाल ने 10 मार्च 2016 को यहाँ से इस्तीफा दे दिया था क्योंकि वे अयोध्या पर एक शोधकारी पुस्तक लिख रहे थे तथा अयोध्या स्थित एक अन्य मंदिर का जीर्णोद्धार भी करा रहे थे। उन्होंने भारत के माननीय सर्वोच्च न्यायालय में राम मंदिर मामले की पैरवी में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। धार्मिक न्यास पर्षद में मनोनयन के बाद उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकता पारदर्शिता एवं सभी के साथ न्याय करना, पुनौरा धाम (सीतामढ़ी) स्थित जानकी के जन्म स्थान में जानकी मन्दिर का निर्माण तथा साधु-सन्त जो न्यासधारी हैं, के हितों की रक्षा करना है.
होली आपसी प्रेम एवं भाइचारा का प्रतीक – पी के अग्रवाल





