ट्रस्ट के छठे वार्षिकोत्सव पर हुआ 15 गरीब मरीजों का निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन
पटना की महापौर सीता साहु ने कहा है कि राधा देवी मोहनका मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट गरीब नेत्र रोगियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. ट्रस्ट द्वारा अब तक हजारों नेत्र रोगियों का निःशुल्क इलाज एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन कर उनके जीवन में नयी रोशनी लाने का अत्यंत सराहनीय कार्य किया गया है. वे आज यहाँ मुख्य अतिथि के रूप में बाजार समिति, न्यू बहादुरपुर में श्री बालाजी नेत्रालय में ट्रस्ट के छठे वार्षिकोत्सव पर दीप प्रज्ज्वलन के बाद जनसमूह को संबोधित कर रही थीं

इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं बालाजी नेत्रालय के निदेशक, प्रसिद्ध नेत्र सर्जन डॉ. शशि मोहनका ने कहा कि आज छठे वार्षिकोत्सव पर 15 गरीब मरीजों का निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन। मोतियाबिन्द के कारण इन्हें देखने मे काफी परेशानी हो रही थी। पैसे के अभाव में ये अपने मोतियाबिन्द का ऑपरेशन नही करा पा रहे थे।
डॉ मोहनका ने कहा कि गरीब मरीजों की सेवा ही उनका धर्म है. उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से ट्रस्ट द्वारा श्री बालाजी नेत्रालय में पिछले कुछ सालों में अबतक करीब 4000 से अधिक लोगों का मोतियाबिंद का नि:शुल्क ऑपरेशन किया जा चुका है। इसके साथ ही लगभग 25 हजार से अधिक मरीजों का नि:शुल्क इलाज और परामर्श भी दिया जा चुका हैं। आज भी 15 गरीब मरीजों का निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कर समारोह को यादगार बनाया गया है.
मौके पर ट्रस्ट के सचिव एम पी जैन ने बताया की ट्रस्ट द्वारा प्रत्येक माह के चौथे रविवार को मरीजों की आँखों की निःशुल्क जांच की जाती है तथा गरीब मरीजों के निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन किया जाता है. इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मारवाड़ी हेल्थ सोसायटी, पटना के अध्यक्ष श्री महावीर अग्रवाल, वन बंधु परिषद् के संरक्षक श्री राधेश्याम बंसल, हनुमान सहाय गोयल, डॉ गीता जैन, वार्ड संख्या 47 के पार्षद सतीश कुमार, डॉ प्रमोद भीमसरिया, अनिल गुप्ता इंजीनियर, अमन कुमार, बहादुरपुर थाना अध्यक्ष योगेश प्रसाद समेत अनेक लोग उपस्थित थे.
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने धन्यवाद् ज्ञापन किया.





