महावीर वात्सल्य अस्पताल में 51 डॉक्टर होंगे सम्मानित

आंखों की निःशुल्क जांच, रक्तदान शिविर भी लगेगा

सम्यक न्यूज़, पटना.

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर कल एक जुलाई को रोटरी पाटलिपुत्र के सौजन्य से आयोजित समारोह में महावीर वात्सल्य अस्पताल में 51 डाक्टरों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि महावीर वात्सल्य अस्पताल के निदेशक डॉ एन आर बिश्वास होंगे। रोटरी क्लब ऑफ पाटलिपुत्र के अध्यक्ष अनिल रिटोलिया व सचिव रुचिका अग्रवाल ने बताया कि इस समारोह में महावीर वात्सल्य अस्पताल के विभिन्न विभागों जैसे शिशु रोग, स्त्री एवं प्रसव रोग, मेडिसिन, सर्जरी, नेत्र रोग, महावीर हार्ट हॉस्पिटल एवं अन्य विभागों के चिकित्सकों के साथ-साथ रोटरी क्लब से जुड़े चिकित्सकों को उनकी सेवा भावना और उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर पर महावीर वात्सल्य अस्पताल में चल रहे महावीर रोटरी पाटलिपुत्र ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।

महावीर वात्सल्य अस्पताल भवन में चौथे तल्ले पर रोटरी पाटलिपुत्र के सौजन्य से चल रहे महावीर रोटरी पाटलिपुत्र आई हॉस्पिटल में आखों की निःशुल्क जांच की जाएगी। महावीर वात्सल्य अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ अभिषेक गोलवारा ने बताया कि शिविर में मरीजों की मोतियाबिंद जांच, कॉर्निया प्रत्यारोपण संबंधित जांच और आंखों से संबंधित अन्य समस्याओं की जांच निःशुल्क की जाएगी। महावीर वात्सल्य अस्पताल के निदेशक डॉ एन आर बिश्वास ने बताया कि इस विशेष अवसर पर महावीर वात्सल्य अस्पताल के ओपीडी में आनेवाले मरीजों से भी कोई निबंधन शुल्क नहीं लिया जाएगा। महावीर वात्सल्य अस्पताल के चौथे तल्ले पर सुबह दस बजे से एक बजे तक रक्तदान शिविर और निःशुल्क आई टेस्ट किया जाएगा। इसके पूर्व सुबह 9 बजे से तीसरे तल्ले पर स्थित सभागार में डाक्टरों का सम्मान समारोह का आयोजन होगा।

बिजली गिरने से हथुआ मार्केट की 12 से अधिक दुकानें खाक, 15 करोड़ का नुकसान

undekhilive
Author: undekhilive

Leave a Comment