खेत से जुताई में निकले 500 और 1000 रुपये के पुराने नोट…यह है पूरी कहानी

पटना जिले के पालीगंज के एक खेत में करोड़ों रुपये के पुराने नोट मिले हैं। ट्रैक्टर से खेत की जुताई के दौरान खेत से एक बोरे में नोट मिले। बोरा हल में फंसा तो रुपये खेत में बिखर गये। आसपास के ग्रामीण नोट लूटकर ले गये।

पटना जिले के पालीगंज में एक खेत की जुताई के दौरान 500 और 1000 रुपये के पुराने नोट मिलना चर्चा का विषय बना हुआ है। ट्रैक्टर से खेत की जुताई हो रही थी, उसी दौरान यह वाकया हुआ। खेत से रुपये निकलने की जानकारी मिलते ही वहां लोगों की भीड़ जुट गई और नोटों की लूट मच गई। मामला सिगोड़ी थाने के पसौढ़ा गांव का है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत पहुंची लेकिन तब तक सभी नोट लेकर लोग वहां से भाग गये थे।


मिली जानकारी के अनुसार, पसौढ़ा गांव में एक खेत में ट्रैक्टर से जुताई चल रही थी। जुताई के दौरान ही एक प्लास्टिक के बोरे में 500 और 1000 के पुराने लाखों नोट मिले। यह खेत गांव के अजय सिंह का है। रुपयों से भरा बोरा हल में फंसने के बाद फट गया। इससे 500 और 1000 के पुराने नोट खेत में फैल गए। ट्रैक्टर चालक ने इसकी जानकारी गांव के लोगों को दे दी।


खेत में रुपए मिलने की खबर मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ खेत की ओर दौड़ पड़ी। खेत में रुपया छितराया देख लोगों में रुपये चुनने की होड़ मच गई। देखते ही देखते सभी नोट गायब हो गए। बचा रह गया तो सिर्फ फटा पुराना बोरा। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सिगोड़ी पुलिस जब तक खेत पहुंचती, जिसको जितना मिला वह उतना रुपया ले गया। ग्रामीणों की मानें तो बोरे में भरा रुपया करोड़ों में रहा होगा। सिगोड़ी थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने खेत मे रुपए मिलने की बात को स्वीकार करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि खेत मे पुराने नोट कहां से आए और वे किसके थे। फिलवक्त पुलिस रुपए लूटने वालों और उनसे रुपए की बरामदगी को लेकर हर छापेमारी कर रही है।

undekhilive
Author: undekhilive

Leave a Comment