साजिशकर्ता गिरफ्तार, मगर बीपीएससी की कालिख कैसे धुलेगी

सम्यक न्यूज़, पटना.

गत 8 मई को सम्पन्न 67 वीं BPSC प्रारंभिक परीक्षा पेपर लीक मामले में जाँच एजेंसी आर्थिक अपराध इकाई ने मास्टर माइंड को गिरफ्तार कर लिया है. वह शख्स गया के एक प्राइवेट कॉलेज राम शरण सिंह इविनिंग कॉलेज के प्रिंसिपल सह केन्द्राधीक्षक शक्ति सिंह है। पुलिस इस कॉलेज को ही साजिश का केंद्र और गिरफ्तार प्रिंसिपल को इस पूरे मामले का मास्टर माइंड बता रही है. पुलिस ने साजिशकर्ता समेत अबतक 15 लोगों को गिरफ्तार तो कर लिया है, मगर बीपीएससी के इतिहास पर लगी कालिख कैसे धुलेगी? कैसे प्रिंसिपल सह केन्द्राधीक्षक शक्ति सिंह ने बिना वहां प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट के हस्ताक्षर के प्रश्नपत्र का सीलबंद पैकेट खोलकर उसे स्कैन कर लिया?   

प्रिंसिपल शक्ति सिंह से पूछताछ के बाद EOU के सूत्रों ने बताया कि गत 8 मई को सुबह 10:15 बजे जैसे ही पेपर कॉलेज में पहुंचा, प्रिंसिपल ने उसके “C” सेट को अपने मोबाइल से स्कैन कर 10.24  बजे कपिलदेव को व्हाट्सएप पर भेज दिया था। दिलचस्प यह है कि कपिलदेव भारत सरकार के C.D.A में कर्मचारी है खुद भी बीपीएससी की पी.टी दे रहा था और उसका सेंटर डुमरांव था। कपिलदेव ने प्रश्नपत्र प्रवीण नाम के शख्स को भेजा. उसने वह व्हाट्सएप मेसेज महेश नाम के व्यक्ति और उसने दिल्ली में प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहे तीन छात्रों, जिनमें दो बिहार और एक उत्तर प्रदेश का है, को 11.10 बजे भेजा और बिहार के एक सरगना पिंटू यादव को 11.20 बजे भेजा. बिहार में प्रतिनियुक्त एक I.A.S अधिकारी पंचायती राज निदेशक रणजीत कुमार सिंह को उनके मोबाइल पर यही प्रश्नपत्र 11.15 बजे मिला जिसे उन्होंने तत्काल BPSC के संयुक्त सचिव सह परीक्षा नियंत्रक अमरेन्द्र कुमार सिंह के मोबाइल पर भेज दिया. यानी 12 बजे परीक्षा शुरू होने से पहले ही प्रश्नपत्र सैकड़ों लोगों के मोबाइल पर था लेकिन पता तब चला जब आरा के कुंवर सिंह कॉलेज पर हंगामा हो गया. इसके बाद तो अफरा तफरी मच गयी और लगभग तीन बजे परीक्षा रद्द करने की घोषणा हो गयी. इसके साथ ही लगभग छह लाख परीक्षार्थियों का भविष्य अंधकारमय हो गया. सवाल है कि इसके लिए कौन दोषी है और इसकी भरपाई कैसे होगी.

EOU के सूत्रों के अनुसार, जांच में यह बात सामने आई है कि प्रिंसिपल शक्ति सिंह बेहद चालाक है और वह सिर्फ कपिलदेव से ही बात करता था। वह कपिलदेव के लगातार संपर्क में था और तकनीकी जांच के दौरान उसकी भूमिका सामने आई। जिस कॉलेज से सेट “C” को स्कैन कर के वॉट्सऐप पर भेजा गया था, शक्ति उसी कॉलेज का प्रिंसिपल है। गिरफ्तारी के अगले दिन सोशल मीडिया पर JDU के कई नेताओं के साथ उसकी फोटो भी सामने आई है।

गया जिले में डेल्हा में है एक प्राइवेट कॉलेज राम शरण सिंह इविनिंग कॉलेज। इसे 2010 में किराए पर बिल्डिंग लेकर खोला गया था। शक्ति सिंह खुद ही इस कॉलेज के प्रिंसिपल भी हैं। साल 2011 में इनके कॉलेज को एफिलिएशन भी मिला था। हालांकि, साल 2018 में मान्यता रद्द भी कर दी गई थी। रामशरण सिंह इसी शक्ति सिंह के पिता थे। वे FCI में सामान्य कर्मी थे। इस कॉलेज की मान्यता बीते चार वर्षों से रद्द है। बावजूद इसके डेढ़ कट्ठे की बिल्डिंग में न केवल इवनिंग कॉलेज बल्कि एक स्कूल भी चलता है। वह भी सिर्फ बोर्ड पर। यहां हमेशा किसी न किसी प्रतियोगी परीक्षाओं का सेंटर पड़ता है। इसके पीछे राजनीतिक पहुंच और कई नेताओं का शह बताया जा रहा है। दरअसल शक्ति सिंह ने शिक्षा माफिया बनने के लिए ही रखी थी कॉलेज की नींव. पहले उसने वर्षों तक एक भाजपा विधायक के साथ समय बिताया, लेकिन वहां मन नहीं रमा तो उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी (RLSP) ज्वाइन कर ली। वहां उसे प्रदेश स्तर का पद भी झटके में मिल गया। राम शरण सिंह इवनिंग कॉलेज को 2016 में 120 सीट की ही स्वीकृति थी, लेकिन प्रिंसिपल शक्ति सिंह ने करीब 1500 लड़कों का फार्म भरवा दिया। 1500 लड़कों के एडमिट कार्ड नहीं आए तो सभी ने जमकर बवाल काटा। मामला हाईकोर्ट पहुंच गया। हाईकोर्ट ने आदेश दिया कि कॉलेज प्रबंधन सभी बच्चों की फी लौटाए। साथ ही इसकी मान्यता भी रद्द करने की कार्रवाई की गई। पैसा अब तक कॉलेज द्वारा नहीं लौटाया गया है। चर्चा यह भी है कि अपनी धाकड़ पहुँच के बल पर वह सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा के लिए तीन लाख रुपए में लड़कों व उसके अभिभावकों से सौदा किया था। कई लड़कों ने पैसे भी दिए थे। लेकिन इस बात का आधिकारिक खुलासा अब तक नहीं हो सका है। यही नहीं, हाल ही में उसने ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षाओं का सेंटर अपने कॉलेज में पाने के लिए करीब एक करोड़ रुपए इन्वेस्ट किए हैं। यह रुपए अपने कॉलेज में 500 कंप्यूटर और इंटरनेट पर खर्च किए हैं।

जदयू के छात्र नेता चंदन यादव का कहना है कि ऐसे भ्रष्ट एवं जालसाज़ लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। शक्ति सिंह ने बीपीएससी पीटी परीक्षा का पेपर लीक कर के प्रदेश की राष्ट्रीय स्तर पर न केवल छवि खराब की है बल्कि छह लाख से अधिक अभ्यर्थियों का भविष्य बर्बाद किया है।

वाह….. शुगर फ्री आम, वो भी 16 बार रंग बदलने वाला

undekhilive
Author: undekhilive

Leave a Comment