सम्यक न्यूज़, पटना.
अमेरिकन ब्यूटी – जी हां, यही नाम है. किसी अमेरिकी सुंदरी का नहीं, बल्कि शुगर फ्री आम का. चौंक गए न. गर्मी के मौसम में यूँ तो आम खाना हर कोई पसंद करता है. फलों का राजा कहे जाने वाले आम की एक से बढ़कर एक किस्में बाजार में उपलब्ध हैं, बम्बईया, दशहरी, बीजू, गुलाब खास लेकिन, मालदह आम की तो बात ही कुछ और है. फल बेचने वाला जब दुधिया मालदह की हांक लगता है तो शुगर के मरीजों के भी मुंह में पानी आ जाता है. बेचारे मन मसोस कर रह जाते हैं लेकिन, उनके लिए खुशखबरी है. अब बिहार के एक किसान की बदौलत शुगर के मरीज भी आम की मिठास का मज़ा ले पाएंगे. इस आम का नाम अमेरिकन ब्यूटी है.

मुजफ्फरपुर के किसान भूषण सिंह के बगीचे का आम आजकल चर्चा का विषय बना हुआ है. इस आम का रंग, शेप, साइज सामान्य आमों से बिल्कुल अलग है. इसके साथ ही यह आम शुगर फ्री है और इसका नाम अमेरिकन ब्यूटी है. श्री सिंह इस आम के पौधे को पश्चिम बंगाल से लेकर आए थे. इस खास किस्म के पौधे को उन्होंने छह साल पहले अपने बगीचे में लगाया था. दो साल पहले से इस पेड़ में फल लगना शुरू हुआ. किसान भूषण सिंह का कहना है की यह आम शुरुआत से लेकर पकने तक 16 बार अपना रंग बदलता है. लेकिन इसका मंजर और दाना अन्य आमों की तरह ही होता है. भूषण सिंह बताते है यह आम पाँच महीने में तैयार हो जाता है. जुलाई महीने में यह आम पक कर तैयार हो जाएगा. पकने के बाद इस आम का वजन आधा किलो के आस पास होता है. किसान का कहना है की यह आम शुगर फ्री है जिस कारण से इसकी मिठास अन्य आमों की तुलना में कम है. हालांकि इसका स्वाद बहुत ही अच्छा है. उन्होंने बताया कि चर्चा में आने के बाद इसके पौधे की मांग बढ़ गई है. जो भी इस आम को देखता है वह एक बार इसके पौधे की मांग जरूर करता है. लेकिन बिहार में अभी तक इसके पौधे की नर्सरी नहीं है. इसकी नर्सरी बनाने के दिशा में काम किया जा रहा है.
35 साल की महिला के पेट से निकला नौ किलो का बिनाइन ट्यूमर





