गवाह बने तो जान से ही हाथ धो बैठे, बेटा घायल  

सम्यक न्यूज़, पटना.

बेटे की हत्या में बाप गवाह क्या बना, जान से ही हाथ धो बैठा. मामला पटना जिले के अथमलगोला थाना क्षेत्र के टाल इलाके की है है जहाँ बेखौफ अपराधियों ने सोमवार को सरेराह गालीबारी कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी, जबकि दूसरा गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया है. बताया जाता है कि दोनों रिश्ते में बाप-बेटे हैं और हत्या के एक मामले में गवाही देने दोनों बाढ़ कोर्ट जा रहे थे. इसी दौरान बेखौफ बदमाशों ने दोनों पर फायरिंग की जिसमें उन्हें गोली लगी. इस घटना में बाप की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान बख्तियारपुर थाना क्षेत्र निवासी 65 वर्षीय लक्ष्मीनारायण सिंह के रूप में हुई है, जबकि 30 वर्षीय बेटा धर्मेंद्र कुमार को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.  

मिली जानकारी के अनुसार दो साल पहले लक्ष्मीनारायण सिंह के बड़े बेटे धर्मवीर की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. मामला बाढ़ कोर्ट में चल रहा था. इसी सिलसिले में वे अपने दूसरे बेटे के साथ गवाही देने के लिए बाढ़ कोर्ट जा रहे थे. दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके के लोगों में हड़कंप मच गया. अपराधियों को पक्की जानकारी थी कि आज दोनों बाप-बेटा बाइक पर सवार होकर गवाही देने कोर्ट जायेंगे. इसी दौरान अथमलगोला के टाल इलाके में पहले से घात लगाये अपराधियों ने दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इससे लक्ष्मीनारायण सिंह की मौके पर ही मौत हो गयी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गयी है. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं. उनके बीच चर्चा आम है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ नहीं रह गया है और किसी केस में गवाही देना भी मौत को आमंत्रण देना है. हालाँकि गवाहों की सुरक्षा के लिए हाल ही में सरकार ने कैबिनेट से प्रस्ताव पारित किया है लेकिन सरजमीं पर उसका अनुपालन तो कहीं दिख नहीं रहा है. ऐसे में तो न्यायिक व्यवस्था ही चरमरा जाएगी और कातिल या साजिशकर्ता को संदेह का पूरा लाभ मिल जायेगा.  

जलजमाव हो तो 155304 पर करें फोन, पहुंचेगी क्विक रिस्पांस टीम

undekhilive
Author: undekhilive

Leave a Comment