अग्निपथ योजना को लेकर बिहार समेत पूरे देश में विरोध-प्रदर्शन जारी है। कई ट्रेनों को जलाए जाने के बाद 20 जून सोमवार को भी लगभग 348 ट्रेनों को रेलवे ने रद्द कर दिया है। वहीं तीन ट्रेनों का आंशिक परिचालन किया गया है।
सम्यक न्यूज, पटना
अग्निपथ योजना को लेकर बिहार समेत पूरे देश में विरोध-प्रदर्शन जारी है। कई ट्रेनों को जलाए जाने के बाद 20 जून सोमवार को भी लगभग 348 ट्रेनों को रेलवे ने रद्द कर दिया है। वहीं तीन ट्रेनों का आंशिक परिचालन किया गया है। 12 ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया गया है।
अग्निपथ योजना के विरोध में उपद्रव, धरना-प्रदर्शन और आगजनी की वजह से पूमरे से खुलने और पहुंचने वाली ट्रेनें रविवार को दिनभर बाधित रहीं। ट्रेनें नहीं चलने से लगातार चौथे दिन हजारों यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। वहीं, सोमवार को भी लगभग 348 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। वहीं दूसरी ओर अग्निपथ योजना के बाद हिंसा की घटनाओं को देखते हुए राज्य में इंटरनेट सेवाओं पर पाबंदी का दायरा बढ़ता जा रहा है। गया और मधुबनी के बाद रविवार को इसमें जहानाबाद, खगड़िया और शेखपुरा जिलों को भी जोड़ दिया गया। अब राज्य के 20 जिलों में सोशल साइट पर रोक लगा दी गई है। वहीं जिन जिलों में पहले से इंटरनेट सेवा पर पाबंदी लगाई गई थी, उसे भी 24 घंटे के लिए रविवार को बढ़ा दिया गया। गौरतलब है कि रविवार को पूर्व मध्य रेल से खुलने और गुजरने वाली 362 ट्रेनें रद्द रहीं, जबकि दो ट्रेनों का आंशिक समापन किया गया। खुसरूपुर में मालगाड़ी के इंजन के सामने रविवार को कुछ लोगों ने प्रदर्शन किया। आधे घंटे तक प्रदर्शन के बाद स्टेशन पर तैनात अधिकारियों के समझाने पर वे चले गये। सोमवार को भारत बंद की स्थिति को देखते हुए रेलवे ने दर्जनों ट्रेनों को रद्द रखने का निर्णय लिया है।
छह कोचिंग संस्थानों पर एफआईआर, 190 गिरफ्तार
उपद्रवियों पर पुलिस और प्रशासन की सख्ती जारी है। छह कोचिंग संस्थानों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और अभी तक 190 की गिरफ्तारी हो चुकी है और 11 के खिलाफ केस भी दर्ज किया गया है। अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर है।





