नित्य करे जो योग के आसन, स्वस्थ रहे उसका तन-मन !!
बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष महेश जालान ने कहा कि 21 जून को- हम 8वां ‘अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस’ मनाने वाले हैं। योग का हमारे जीवन में अत्यंत हीं महत्वपूर्ण स्थान है। जो भी व्यक्ति प्रतिदिन योग करता है, उसे जल्दी कभी कोई रोग नहीं पकड़ता। आज भारत हीं नहीं बल्कि विश्व भर में योग को जाना और माना जा रहा है। जालान ने कहा कि हमारा प्रयास है कि योग उन लोगों तक भी पहुँचे जो अब भी इसके बारे में ज्यादा नहीं जानते हैं।जालान ने प्रदेश की सभी शाखाओं से विश्व योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया।
जालान ने आम-आवाम में योग के प्रति रुचि और चेतना जागृत करने के लिए बिहार मारवाड़ी सम्मलेन की सभी 162 शाखाओं से मंगलवार, 21 जून को यथा संभव प्रातः 6:00 से 9:00 बजे के बीच योग शिविर का आयोजन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। शिविर में मारवाड़ी समाज के साथ अन्य सभी धर्म, वर्ग,– जाति और समुदाय के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा।
सम्मेलन के वरीय उपाध्यक्ष नीरज खेड़िया और राजेश बजाज ने कहा कि गत वर्ष बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन की अड़तालीस शाखाओं के द्वारा पूरे प्रदेश में योग शिविर का आयोजन किया गया था। महामंत्री योगेश तुलस्यान ने बताया कि इस वर्ष भी प्रशिक्षित योग गुरुओं के सान्निध्य में सौ से भी अधिक स्थानों पर विश्व योग दिवस का कार्यक्रम आयोजित कराने का प्रयास है।





