सम्यक न्यूज़, पटना.
सोशल साइट्स पर अनजान लोगों से दोस्ती, प्यार, मोहब्बत की बातें जिंदगी को नरक बना रही है. ऐसे अनेकानेक उदहारण भरे पड़े हैं. इसके बावजूद लोग किस नशे में यहाँ तक खिंचे चले आते हैं, कहना मुश्किल है. ऐसी ही एक घटना में रांची की रहनेवाली शादीशुदा महिला जो दो बच्चों की माँ है, नरक के दलदल में धंस गयी है. मामला पटना के रहने वाले युवक आलोक से जुड़ा है जिसने शादी का झांसा देकर रांची की महिला से न सिर्फ रुपये और जेवर ठगे बल्कि झांसा देकर तीन सालों तक शारीरिक शोषण भी किया.
कहानी कुछ इस तरह आगे बढती है. रांची की रहने वाली दो बच्चों की मां को पटना के एक युवक से फेसबुक पर दोस्ती हुई. इसके बाद दोनों की मुलाकात होने लगी जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गयी. शादी का झांसा देकर युवक ने महिला के साथ तीन साल तक यौन शोषण किया. इस दौरान उससे जेवरात और आठ लाख रुपये भी ऐंठ लिए . इसी बीच महिला को पता चला कि उसका प्रेमी चोरी चुपके शादी करने जा रहा है. आनन-फानन में वह पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत उसके घर पर पहुंच गयी और हंगामा मचाने लगी. इससके बाद युवक के परिवारवालों ने उस महिला की पिटाई कर दी. अब राजीव नगर थाने में पहुंची पीड़िता न्याय की गुहार लगा रही है.
पीड़िता का आरोप है कि आलोक ने ही उसे पटना के राजीव नगर में किराये पर फ्लैट दिलवाया था. लेकिन जब पीड़िता को आलोक की शादी का पता चला तब हंगामा खड़ा हुआ है. महिला का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई की जगह मामले को रफा-दफा करने में लगी है. हालांकि इन आरोपों के बीच पुलिस का कहना है कि दोनों तरफ से केस दर्ज हुआ है मामले की छानबीन की जा रही है. पीड़िता का कहना है कि सुबह से दोपहर तक वह थाने में बैठी रही लेकिन पुलिस ने इस मामले में कोई एक्शन नहीं लिया. पुलिस आरोपी के पक्ष का ही बात सुन रही है. हमारी बात सुनी नहीं जा रही है. आलोक मेरे साथ तीन साल से रिलेशन में था यह हमेशा यह कहता था कि शादी तुमसे ही करेंगे. हर दिन आलोक उर्फ सन्नी मेरे घर पर आता था जिसके कारण आस-पास के लोग उसे मेरे पति के तौर पर जानने लगे थे. ड्यूटी से छूटने के बाद वह शाम 7 बजे से 11 बजे तक मेरे घर पर ही रहता था. रोजाना शाम में चार से पांच घंटे उसका यही गुजरता था. शादी का हमेशा झांसा दिया करता था उसकी बातों में वह बुरी तरह से फंस चुकी थी. उस पर अंध विश्वास करने लगी थी जिसका फायदा उसने उठाया.
महिला के साथ मारपीट की बात सामने आने के बाद जब उसे पीएचसी में दिखाया गया जहां सिर में ज्यादा चोट लगने की बात बतायी गयी. जिसके बाद डॉक्टरों ने सी. टी-स्कैन कराने की बात कही है. वही इस पूरे मामले पर राजीव नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों तरफ से एफआईआर दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की सभी बिन्दुओं की जांच कर रही है.





