सम्यक न्यूज़, पटना.
स्कूली बच्चों के लिए श्रीकृष्ण विज्ञान केंद्र पटना द्वारा ग्रीष्मकालीन शिविर, 2022 का आयोजन किया जा रहा है। इसमें उन्हें विज्ञान से जुड़े कई विषयों पर प्रशिक्षण के साथ-साथ रोचक जानकारियां भी दी जा रही हैं। इस प्रकार के शिविर को आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि जगाना एवं उनकी क्रियात्मक एवं रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना है। इस वर्ष बच्चों के लिए विभिन्न विषयों पर शिविर आयोजित किए गए हैं, जो हैं- रोबोटिक्स, साइंटिफिक टॉय मेकिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिसिटी एवं मैग्नेटिज्म, फन विथ केमिस्ट्री, ऐरो मॉडलिंग एवं बेसिक ऑफ बायोलॉजी।
पूरे महीने चलने वाले इस कार्यक्रम के पहले सप्ताह में रोबोटिक्स एवं साइंटिफिक टॉय मेकिंग का आयोजन किया गया जो 17 मई, 2022 से 19 मई, 2022 तक चलेगा. रोबोटिक्स में कुल 10 बच्चों ने भाग लिया एवं साइंटिफिक टॉय मेकिंग में कुल 20 बच्चों ने भाग लिया। रोबोटिक्स के अंतर्गत बच्चों को बेसिक रोबोटिक प्रोग्रामिंग, अल्ट्रासोनिक सेंसर, आर्डिनो प्रोग्रामिंग के बारे में जानकारियां दी गई। वहीं दूसरी ओर साइंटिफिक टॉय मेकिंग में बच्चों को प्रकाश, ध्वनि, वायुदाब इत्यादि विषयों से जुड़े हुए खिलौने बनाने का प्रशिक्षण दिया गया और साथ ही इस विषयों पर उनको पूरी जानकारी दी गई। शिविर के पहले दिन कल बच्चों ने पेरिस्कोप के सिद्धांत को समझा और उसका एक माॅडल बनाया। आज बच्चों को बरनौली के सिद्धांत को बताया गया है। वायुयान हवा में कैसे उड़ते हैं और कैसे दिशा बदलते हैं इसका किट बनवाया गया है। साथ ही तरंगों के संदर्भ में तरंग धैर्य, तीव्रता, फ्रीक्वेंसी पर आधारित किट बनवाया गया है। विज्ञान केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि बच्चे विज्ञान के सिद्धांतों में काफी रूचि दिखा रहे हैं. इन कार्यक्रमों से उनकी वैज्ञानिक सोच विकसित करने में सहायता मिलती है.





