जज साहब कोर्ट में, अपराधी घुस गए घर में

सम्यक न्यूज़, पटना.

बिहार में बेख़ौफ़ अपराधियों ने जज साहब के घर को ही निशाना बना लिया. आम जनता तो पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली से त्रस्त है ही, अब जज साहब भी इसके घेरे में आ गए. मंगलवार को रोहतास के बिक्रमगंज में ऐसी ही एक घटना हुई। बिक्रमगंज के प्रथम श्रेणी न्यायिक पदाधिकारी महेश्वर नाथ पांडे के कोर्ट जाने के बाद उनके घर पानी पीने के बहाने घुसे लुटेरों ने घर ही लूट लिया. दिनदहाड़े जज के घर हुई इस घटना से न्यायिक पदाधिकारियों तथा वकीलों में काफी आक्रोश है। पिछले दिनों पटना के निकट दानापुर में एसटीएफ की गाड़ी को ही चोरों ने उड़ा लिया था. मामला पुलिस का था, सो तुरंत खोजबीन शुरू हुई. चोर भी शातिर था. गाड़ी लेकर सीधे बंगाल भाग गया. इलाके के चोरों की कुंडली खंगालने पर पुलिस ने गाड़ी बरामद कर अपनी इज्ज़त बचाई.

जज साहब के घर लूट के बाद बिखरा सामान

घटना आज सुबह की बताई जा रही है। बिक्रमगंज थाना क्षेत्र स्थित सिविल जज के घर सुबह दस बजे के करीब अपराधियों ने एक परिचित का हवाला देकर जज साहब से मिलने की इच्छा जताई। जब उनकी पत्नी ने जज साहब के कोर्ट में होने की बात कही तो अपराधियों ने पानी पिलाने की मांग की। पानी लाने के लिए वो जैसे ही घर मे घुसीं, पीछे से तीनों अपराधी भी घर मे प्रवेश कर गए। इसके बाद लूटपाट में लग गए. इस दौरान दो लाख रुपये के गहने समेत 50 हजार की नकदी लूट ली।

मामले की जानकारी मिलते ही आनन-फानन में बिक्रमगंज थाना की पुलिस पहुंची. पुलिस अधिकारी ने घटना की पुष्टि की है और बताया कि जांच की जा रही है। फिलहाल उस व्यक्ति की पहचान की कोशिश की जा रही है जो मिलने के बहाने जज साहब के घर पहुंचा था. माना जा रहा है कि किसी नजदीकी ने ही इस घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद मौके पर डीएसपी भी कैंप कर रहे हैं।

हाथों के हुनर को सहारा मिला स्वाभिमान का

undekhilive
Author: undekhilive

Leave a Comment