पटना के हथुआ मार्केट में गुरुवार की सुबह आकाशीय बिजली गिरने से 12 से अधिक दुकानें राख हो गईं। तड़के सुबह 3 बजे के आसपास तेज आवाज के साथ मार्केट में खड़ी एक बाइक पर बिजली गिरी। इसमें करीब 15 करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है।
राजधानी के सबसे बड़े मार्केट में शुमार हथुआ मार्केट में गुरुवार की सुबह आकाशीय बिजली गिरने से 12 से अधिक दुकानें राख हो गईं। तड़के सुबह 3 बजे के आसपास तेज आवाज के साथ मार्केट में खड़ी एक बाइक पर बिजली गिरी। इससे बाइक में आग धधक उठी।

देखते ही देखते आग ने 12 से ज्यादा दुकानों में आग फैल गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की डेढ़ दर्जन से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से करीब 15 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की बात कही जा रही है। आग लगने की सूचना मिलते ही पूरे मार्केट में अफरातफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को आग लगने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पटना सिटी, सचिवालय, दानापुर, पटना एम्स ,बिहटा, हाजीपुर, संपतचक सहित कई फायर स्टेशन की करीब बारह से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने में जुट गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अलसुबह मौसम खराब होने की वजह से बिजली कड़क रही थी। इसी बीच हथुआ मार्केट में एक बाइक पर बिजली गिर गई। उसके पास मौजूद दुकान में आग पकड़ ली। इसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। हालांकि प्रशासनिक और अग्निशमन के अधिकारियों ने आकाशीय बिजली की वजह से आग लगने की बात की पुष्टि नहीं की है।





