सम्यक न्यूज़, पटना.
बिहार लोक सेवा आयोग ने प्राथमिक विद्यालयों में 40,506 पदों पर प्रधान शिक्षक (हेड मास्टर) की वैकेंसी बुधवार को निकाली है। इसके लिए ऑन लाइन आवेदन 28 मार्च 2022 से भरे जाएंगे। आवेदन भरने की अंतिम तिथि 22 अप्रैल 2022 है। इससे पहले आयोग ने राज्य के माध्यमिक विद्यालयों में हेड मास्टर यानी प्रधानाध्यापको के 6421 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया था। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार bpsc.bih.nicin पर पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इस पद पर आवेदन करने वालों की शैक्षणिक योग्यता मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक उत्तीर्ण रखी गई है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग, महिला और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए न्यूनतम निर्धारित अंक में 0.5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। मौलाना मजहरुल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय पटना, बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड द्वारा दी जाने वाली आलिम की डिग्री और कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय द्वारा शास्त्रीय की डिग्री को स्नातक के समतुल्य माना जाएगा। मान्यता प्राप्त संस्थान से डिएलएड / बीटी/ बी.एड./ बीएससी एड / बीएल एड उत्तीर्ण हों। 2012 या उसके बाद नियुक्त शिक्षक के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा में उत्तीर्ण हों और 2012 से पहले नियुक्त शिक्षकों के लिए दक्षता परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक होगा।
हेड मास्टर के चयन के लिए दो घंटे की लिखित परीक्षा होगी. यह 150 अंकों की वस्तुनिष्ठ और बहुविकल्पीय परीक्षा होगी। इसमें सामान्य अध्ययन के लिए 75 अंक और डीएलएड विषय के लिए 75 अंक के होंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और प्रत्येक गलत जवाब के लिए 0.25 अंक कटेगा।
बिहार सरकार के पंचायत निकाय और नगर निकाय के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों के लिए न्यूनतम व अधिकतम आयु सीमा अलग से निर्धारित नही की जाएगी, परन्तु अधिकतम आयु सीमा 1-08-2021 तक सेवानिवृत्ति की उम्र जो 60 वर्ष निर्धारित है, उससे अधिक नही होनी चाहिए। इसके लिए वेतनमान प्रारंभिक वेतन 30,500/- और वेतन पुनरीक्षण के आलोक में परिवर्तनीय होंगे।
पटना में हड्डी रोग विशेषज्ञों का सम्मलेन 26 मार्च से





