सम्यक न्यूज़, पटना
बिहार सरकार ने 18 वर्ष से ऊपर और 60 से कम उम्र वाले को बूस्टर डोज फ्री देने का कैबिनेट प्रस्ताव स्वीकृत कर दिया है. इस तरह बिहार देश का ऐसा पहला राज्य हो गया है जो 60 से कम उम्र वाले अपने निवासियों को बूस्टर डोज फ्री देगा. कुछ दिनों पहले ही केंद्र सरकार ने प्राइवेट अस्पतालों में बूस्टर डोज के लिए 225 रुपये का शुल्क निर्धारित किया था लेकिन बिहार सरकार ने वह खर्च भी स्वयं उठाने का निर्णय लिया. कोरोना संक्रमण के खिलाफ लड़ाई में सरकार का यह काफी महत्वपूर्ण फैसला है. सरकार के इस निर्णय से करीब सवा पांच करोड़ लोगों को फायदा होगा. 60 वर्ष से ऊपर के वरीय नागरिकों को केंद्र सरकार की तरफ से पहले से ही बूस्टर डोज फ्री दी जा रही है.
मंत्रिमंडल के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि 18-59 आयु वर्ग के लोगों को कोरोना के बूस्टर डोज टीकाकरण के लिए लगभग 1314.15 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गयी है. हालाँकि बूस्टर डोज उन्हीं लोगों को दिया जायेगा जिन्हें कोविड टीके की दूसरी डोज लिए नौ महीने हो गए हैं. उन्होंने बताया कि कोरोना की संभावित चौथी लहर को देखते हुए सरकार के इस महत्वपूर्ण निर्णय से कोरोना संक्रमण के फैलाव को नियंत्रित करने में सहूलियत होगी. हालाँकि उन्होंने लोगों से पहले से जारी एडवाइजरी जैसे- सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनकर जाने, भीड़ से बचने और एक दूसरे के बीच पर्याप्त दूरी बनाये रखने का पालन करने की भी बात कही.
स्वस्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार राजधानी पटना के तीन केन्द्रों पर बूस्टर डोज 24 घंटे लगाये जायेंगे. ये तीन केंद्र हैं- कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स, राजकीय पौलिटेकनिक कॉलेज (पाटलिपुत्र कॉलोनी) तथा दरोगा रॉय पथ स्थित गुरु नानक भवन. बूस्टर डोज लेने के पहले लोगों को कोविन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा, उन्हें अपने साथ दूसरी डोज का प्रमाणपत्र , आधार कार्ड और मोबाइल ले जाना होगा जिस नंबर से उन्होंने पूर्व में पंजीकरण कराया था.
न्याय प्रणाली में जज-वकील ही सबकुछ, आम आदमी बेचारा बना : रतेरिया





