मेरे भारत के कंठहार, तुमको शत शत वंदन बिहार

110 साल का हुआ प्रदेश , महोत्सव का उद्घाटन आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों संध्या 5.30 बजे

सम्यक न्यूज़, पटना.

आज 22 मार्च है. अपना प्रदेश बिहार आज 110 साल का हो गया. इस अवसर पर बिहारवासी अपनी ख़ुशी, उत्साह एवं उमंग का इज़हार आज शाम पटना के गाँधी मैदान में महोत्सव मनाकर करेंगे. बिहार दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे. कवि सत्यनारायण द्वारा 2012 में रचित राज्य गीत मेरे भारत के कंठहार, तुमको शत शत वंदन बिहार की संगीतमय प्रस्तुति से विधिवत शुरुआत होगी. आज शाम को ही चर्चित गायक कैलाश खेर अपने अनूठे गायन और मस्त संगीत से बिहारियों को सराबोर करेंगे.

महाबोधि मंदिर, बोधगया

संयोग से आज ही विश्व जल दिवस भी है और इस वर्ष के बिहार दिवस महोत्सव की थीम भी “जल-जीवन-हरियाली मिशन” है. ज्ञात हो कि वर्ष 2005 में बिहार की सत्ता सँभालने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 22 मार्च को बिहार दिवस मनाने की शुरुआत की थी. इसका उद्देश्य बिहार की विशिष्टताओं को एक नए रूप (ब्रांडिंग) में दुनिया के सामने लाना तथा बिहारी आन, बान, शान और स्वाभिमान से परिचित करना था.

1912 में बंगाल प्रेसीडेंसी के तत्कालीन गवर्नर थॉमस गिब्सन कारमाइकल ने बिहार-ओड़िसा संयुक्त प्रान्त के रूप में इस राज्य के गठन को मंजूरी दी थी. 1912 का बिहार आज तीन राज्यों – बिहार, झारखण्ड और ओड़िसा के रूप में बंट चुका है. एक अप्रैल 1936 को बिहार से अलग होकर ओड़िसा प्रान्त बना और 15 नवम्बर 2000 को अलग होकर झारखण्ड प्रान्त अस्तित्व में आया.

बिहार दिवस महोत्सव का आयोजन पटना के गाँधी मैदान में

कोरोना के कारण पिछले तीन वर्षों से बिहार दिवस का आयोजन स्थगित था. इस वर्ष पूर्ण स्वरुप में इसका आयोजन किया जा रहा है. बिहार के सभी जिले, देश की राजधानी दिल्ली और दुनिया के जिन देशों में बिहार फाउंडेशन कार्यरत है, उन सभी जगहों पर बिहार दिवस मनाया जायेगा. राज्य के पक्ष -विपक्ष के सभी राजनेताओं ने इस अवसर पर अपनी शुभकामनायें दी हैं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने सन्देश में बिहार को प्रगति की नयी ऊँचाई पर ले जाने का संकल्प लिया है. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी इस अवसर पर बंगाल में रहनेवाले बिहारी भाई-बहनों को हार्दिक शुभकामनायें दी हैं. सोशल मीडिया जैसे फेसबुक, ट्विटर पर भी बधाई संदेशों का ताँता लगा हुआ है. # बिहार दिवस तो खूब ट्रेंड कर रहा है.

जैनधर्म की पहली साध्वी, जिन्हें राष्ट्रपति ने पद्मश्री से किया सम्मानित

undekhilive
Author: undekhilive

Leave a Comment