पटना। वंदे भारत एक्सप्रेस को पटना से रांची के लिए ट्रायल रन से पहले राजेंद्र नगर यार्ड से फिटनेस सर्टिफिकेट मिलेगा। रविवार को फिटनेस प्रमाण पत्र जारी हो जायेगा। इसके बाद यह ट्रेन यार्ड से निकलकर अतिरिक्त मेन लाइन से पटना जंक्शन के 10 नंबर प्लेटफॉर्म पर आएगी। पटना जंक्शन पर भी इसके ट्रायल को लेकर व्यापक तैयारी चल रही है। पटना से रांची जाने-आने के दौरान ट्रेन में एस्कॉर्ट दस्ते को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। ट्रेन के सुरक्षित परिचालन के लिए एक अफसर और चार जवान एस्कॉर्ट में रहेंगे। पटना से जाने वाला एस्कॉर्ट गया तक जायेगा। गया से एस्कॉर्ट रांची तक ट्रेन को ले जाएगा। रांची से पटना आने के क्रम में भी एस्कॉर्ट की यही व्यवस्था रहेगी। ट्रायल में इनकी ड्यूटी रहेगी।
गावों के लोगों को किया गया जागरूक
पटना से गया तक रेलवे ट्रैक के किनारे के गांवों में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। आरपीएफ पोस्ट पटना के अफसर और जवान सेमी हाइस्पीड ट्रेन के बारे में लोगों को बता रहे हैं ताकि हादसों को रोका जा सके। लोगों को रेलवे ट्रैक पार नहीं करने की सलाह दी जा रही है। ट्रेन पर पत्थर नहीं चलाने के लिए भी हिदायत दी जा रही है। ग्रामीणों को बताया जा रहा है कि ट्रेन में उच्च क्षमता के सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। किसी प्रकार की हरकत की सारी रिकॉर्डिंग ऑटोमेटिक होगी। अगर किसी ने ऐसा किया तो वह बच नहीं पाएगा।
160 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार
वंदे भारत के ट्रायल के लिए जो टाइम टेबल जारी किया गया है, उसके अनुसार पटना से यह ट्रेन सुबह 06.55 बजे खुलेगी। 11.30 बजे बरकाकाना पहुंचेगी और रांची में यह दोपहर 1.00 बजे पहुंचेगी। रांची से यह ट्रेन पुन: दोपहर 2.20 बजे चलेगी और रात 8.25 बजे पटना पहुंचेगी। यह ट्रेन हजारीबाग-बरकाकाना, सिंधवार-सांकी-टाटी सिलवे और रांची के बीच नवनिर्मित नई रेललाइन में चलेगी। पटना से रांची की दूरी इस ट्रेन से महज छह से साढ़े छह घंटे में पूरी होगी। इसमें आठ एसी चेयरकार की सुविधा होगी। इसके अलावा प्रत्येक कोच चार आपातकालीन पुश बटन के साथ जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली से युक्त होगा। यह ट्रेन करीब 160 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेगी।





