समर कैम्प में बच्चों ने नाटक लाख की नाक का संवाद बोलना सीखा…अखबार से कलात्मक पेन स्टैंड बनाया

पटना। बिहार प्रादेशिक अग्रवाल सम्मलेन के तत्वावधान एवं कला जागरण पटना के सहयोग से बैंक रोड पटना में चल रहे समर कैम्प में चौथे दिन वरिष्ठ रंगमंच निर्देशक सुमन कुमार ने बच्चों को सर्वेश्वरदयाल सक्सेना की हास्य नाटिका लाख की नाक की बारीकियां बताई। नाक लम्बी हो, नाक छोटी हो, नाक पतली हो, नाक मोटी हो –नाक से ही यहां जमाना है, नाक को कटने से बचाना है। नाटक के संवाद को किस तरह से बोलना है यह सुमन जी ने बच्चों को समझाया। कुमार ने बताया की रंगमंच पर अभिनय के समय यदि संवाद भूल गए तो किस प्रकार संवाद को आगे बोला जाए कि दर्शकों को इसका पता न चले। इससे पूर्व रीना कुमारी ने बच्चों को योग एवं आसान सिखाया कैम्प में छोटे-छोटे बच्चों को नलिनी शाह ने बोतल पर पेंटिंग करना तथा मधुबनी पेंटिंग में प्राकृतिक रंग बनाना एवं कृष्णा बनाना सिखाया। कैम्प में रोज सिंह ने छोटे बच्चों को पाश्चात्य संगीत गलती से हो गया मिस्टेक पर डांस करना सिखाया।

हैदराबाद केंद्रीय विवि थियेटर आर्ट्स डिपार्टमेंट से पास आउट प्रसिद्ध नृत्य निर्देशक नितेश कुमार ने बच्चों को बिहार गान एवं राजस्थानी लोक नृत्य एवं घूमर का प्रशिक्षण दिया। क्राफ्ट आर्टिस्ट आदर्श वैभव ने बच्चों को पुराने अखबार से कलात्मक पेन स्टैंड बनाने का प्रशिक्षण दिया। डॉ. गीता जैन ने बच्चों से पूछा कि आप बड़े होकर क्या बनना चाहेंगे…उत्तर में बच्चों ने अच्छे एवं सुलझे हुए जवाब लिखे। सातवीं कक्षा के वैभव वर्मा ने लिखा कि भविष्य में मैं समाज सेवा के लिए डॉक्टर बनाना चाहता हूं। मैं अपने काम में अमीर-गरीब के बीच भेदभाव नहीं करूंगा। पहली कक्षा की छात्रा आसना ने कहा कि मैं अभिनेत्री बनना चाहती हूं लेकिन मम्मी कहती हैं डॉक्टर बनो। बिहार अग्रवाल सम्मलेन के अध्यक्ष अमर कुमार अग्रवाल ने कहा कि बच्चों को नई-नई चीजें सीखते देखकर अच्छा लगता है। अग्रवाल महिला सम्मलेन की अध्यक्ष डॉ. गीता जैन ने कहा कि बच्चों को गर्मी में परेशानी न हो इसके लिए सम्मेलन की ओर से कैम्प में सभी बच्चों एवं उनके अभिभावकों को बिस्कुट, चाय, ठंडा पानी इत्यादि प्रतिदिन दिया जा रहा है।

कैम्प में सभी को ब्लड मैन मुकेश हिसारिया के सौजन्य से बच्चों को ग्लूकोज पिलाया जा रहा है। कैम्प में वरिष्ठ पत्रकार रूपेश कुमार सिंह ने बच्चों के कार्यों को देखा और उनकी सराहना की। समर कैम्प के संचालन में अमर अग्रवाल, अक्षय अग्रवाल, निर्मल अग्रवाल, रमेश मोदी, सुनैना सिंह, आरएस जीत सिंह, एमपी जैन, रिजर्व बैंक के अभिषेक वर्मा, विकास जैन, रानी सिन्हा, डॉ. गीता जैन एवं कला जागरण के रोहित कुमार आदि उपस्थित होकर समर कैम्प में लगातार अपना सहयोग दे रहे हैं।

 

 

undekhilive
Author: undekhilive

Leave a Comment