पटना। बिहार प्रादेशिक अग्रवाल सम्मलेन एवं कला जागरण पटना के सहयोग से दादी मंदिर बैंक रोड पटना में चल रहे समर कैंप के दूसरे दिन बच्चे विभिन्न कलाओं से रूबरू हुए। रोज सिंह के साथ बम बम भोले… और गलती से हो गया मिस्टेक…गाने पर बच्चों ने जमकर मस्ती की। प्रसिद्ध रंगकर्मी सुमन कुमार ने बच्चों को रंगमंच कला के प्रशिक्षण में संवाद बोलने का तरीका बताया। सुमन कुमार ने बताया की रंगमंच पर अभिनय के लिए सही उच्चारण के साथ संवाद बोलना जरूरी है। कुमार ने बच्चों को उच्चारण करने का सही तरीका तथा संवाद कौशल सिखाया।
हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय थियेटर आर्ट डिपार्टमेंट से पास आउट नितेश कुमार ने बच्चों को बिहार गान इहे जनम ली सीता मैया बाल्मीकि जस वेद रचइता जाने सब संसार-अइसन आपन ह बिहार, अइसन आपन ह बिहार…गीत पर नृत्य सिखाया। नलिनी शाह ने बच्चों को टेराकोटा, क्ले आर्ट तथा मधुबनी पेंटिंग के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। आदर्श वैभव ने बच्चों को ओरिगेमी कला (पेपर को मोड़ कर आकृति बनाने की कला) तथा कोलाज बनाने की कला का प्रशिक्षण दिया। कैंप में नवोदित फिल्मकार एवं गायक सायकदेव मुखर्जी ने बच्चों को फिल्मी गीत की बारीकियां बताई। डॉ. गीता जैन ने बच्चों के ऑब्जर्वेशन क्षमता का परीक्षण लिया। इसमें बच्चे उत्साह से शामिल हुए। कैम्प के प्रारम्भ में सभी बच्चों को योग का प्रशिक्षण रीना कुमारी ने दिया।

बिहार अग्रवाल सम्मलेन के अध्यक्ष अमर कुमार अग्रवाल ने कहा कि इतनी अधिक गर्मी के बाद भी सभी बच्चे इस समर कैम्प का आनंद उठा रहे हैं तथा अभिनय, लोक नृत्य, पेंटिंग, योग आदि सीख रहे हैं। कैम्प में सुगादेवी ट्रस्ट के अध्यक्ष अमित राज अकेला की ओर से सभी बच्चों को बिस्कुट का पैकेट दिया गया। समर कैम्प को सफल बनाने में अमर अग्रवाल, अक्षय अग्रवाल, एमपी जैन, निर्मल अग्रवाल, अर्चना जैन, ज्योति बंसल, अभिषेक वर्मा, नंद किशोर ठाकुर एवं कला जागरण के रोहित कुमार आदि सक्रिय रहे।





