पटना। न्यू पटना क्लब में चल रहे चार दिवसीय मेगा इलेक्ट्रिक ट्रेड फेयर के दूसरे दिन दर्शकों का उत्साह नजर आया। लोग शनिवार को विभिन्न प्रकार के बिजली के नए-नए उत्पादों की जानकारी अलग-अलग स्टॉल पर लेते रहे। यह एक्सपो 9 जनवरी तक चलेगा। अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को विशेष रूप से इलेक्ट्रीशियनों को आमंत्रित किया गया और उन लोगों को बिजली के क्षेत्र के आधुनिक उपकरणों से परिचित कराया गया। इसमें लगभग 1500 बिजलीकर्मी ने शिरकत की। इसके अलावा आर्किटेक्ट, बिल्डर, इंटीरियर डिजाइनरों का भी एक कॉन्क्लेव आयोजित किया गया। इसमें बिजली से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर विमर्श हुआ।

कड़ाके की ठंड के बावजूद मेगा एक्सपो में अप्रत्याशित भीड़ रही। बिहार इलेक्ट्रिक ट्रेडर्स एसोसिएशन हर दो वर्ष पर यह आयोजन करता है। यह एक राष्ट्रीय स्तर का एक्सपो है, जो राज्य में बिजली के कारोबार को कई गुना बढ़ाने में योगदान करता है। इससे बिहार के राजस्व में भी काफी बढ़ोतरी होती है। एक्सपो को सफल बनाने में एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय अग्रवाल, सचिव प्रकाश अग्रवाल, केशव अग्रवाल, एक्सपो चेयरमैन विशाल अग्रवाल, लालन लाठ, रमेश अग्रवाल, अमित जालान, अनिल रिटोरिया सहित अन्य की भागीदारी रही।





