शिक्षा विभाग में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे…जानिए नये साल में क्या होगा

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की है कि शिक्षा विभाग में बड़े पैमाने पर शिक्षकों और अन्य पदों पर रोजगार सृजित किए जाएंगे। नये साल में इसकी तैयारी चल रही है। शिक्षक पूरे मन से बच्चों को पढ़ाएं। आगे भी समय-समय पर वेतन राज्य सरकार बढ़ाती रहेगी। मुख्यमंत्री शनिवार को उच्च माध्यमिक विद्यालय के 369 प्रधानाध्यापक, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों के 37 व्याख्याता, पटना विवि एवं मौलाना मजहरुल हक विवि के 17 सहायक प्राध्यापक एवं राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालयों के 139 सहायक प्राध्यापकों के नियुक्ति-पत्र वितरण कार्यक्रम में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काफी काम हुआ है। पहले लड़कियां इंजीनियरिंग कॉलेजों में कम पढ़ती थीं। अब बड़ी संख्या में लड़कियां इंजीनियरिंग कॉलेजों में पढ़ाई कर रही हैं। बिहार में बिहार लोक सेवा आयोग, बिहार कर्मचारी चयन आयोग, तकनीकी सेवा आयोग, बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग का गठन कर विभिन्न पदों पर बहाली की जाती है। वर्ष 2022-23 में 51 हजार करोड़ से ज्यादा शिक्षा के क्षेत्र में खर्च किया जा रहा है। आगे और अधिक खर्च करेंगे। हमने बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से पढ़ाई की है। जब केंद्र सरकार में श्रद्घेय अटल जी की सरकार थी, तो हमने उनसे आग्रह करके इसे एनआईटी बनवाया। हमारे अनुरोध पर ही पटना में आईआईटी बनाया गया।

लोगों की समस्याएं दूर करेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम राज्य के विभिन्न जगहों पर पांच जनवरी से यात्रा पर जा रहे हैं। लोगों के बीच जाकर देखेंगे कि बिहार में जो काम हुआ है वो कितना प्रभावी है। लोगों की क्या समस्याएं हैं, उन्हें हम जानने का प्रयास करेंगे और उसे दूर करने की दिशा में कार्य करेंगे।

बैगलेस शनिवार का वीडिया जारी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘बैगलेश शनिवार, सुरक्षित शनिवार’ का वीडियो जारी किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार पाने वाली शिक्षिका निशी कुमारी और शिक्षक सौरभ सुमन को सम्मान पत्र, स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र एवं तीस हजार का चेक प्रदान कर सम्मानित किया।

फर्जी फार्मासिस्ट की जांच होगी
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की बिहार यात्रा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी यात्रा कर सकता है। वे अपनी पार्टी की ओर से यात्रा कर रहे हैं। सबको पता चल गया कि हम घूम रहे हैं। खैर जेपी नड्डा पर हमको कुछ नहीं कहना है। वह तो यहीं के रहने वाले हैं। उनका हमलोगों से दूसरा संबंध था, लेकिन अब पार्टी के अध्यक्ष हैं तो उनको सिर्फ दो लोगों की ही बात माननी है। पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से कहा कि भाजपा सांसद सुशील कुमार मोदी बोल रहे हैं कि जो लोग पहले हेलीकॉप्टर और चार्टर प्लेन की बात किए हैं वे अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाए हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम तो चाहते थे कि वह अपना कार्यकाल पूरा करें, लेकिन उनको पार्टी ने ही हटा दिया। सरकारी और निजी अस्पतालों में फर्जी फर्मासिस्ट के काम करने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज ही हम स्वास्थ्य विभाग को कहेंगे कि इसे देखिए।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हर एक काम हो रहा : तेजस्वी
नियुक्ति-पत्र वितरण के दौरान उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य में महागठबंधन की सरकार राज्य के विकास और युवाओं-गरीबों के उत्थान के लिए दिन-रात काम कर रही है। महागठबंधन सरकार अपना हर वादा पूरा करेगी, इसके लिए धैर्य रखें। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हर एक काम किया जा राह है। कहा कि केंद्र सरकार से हमलोगों की मांग रही है कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिले, विशेष पैकेज मिले, पर इस पर कोई विचार नहीं किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि वर्ष 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी करने की घोषणा का क्या हुआ, बताएं? हर साल दो करोड़ की नौकरी देने का ऐलान करने वाली केंद्र सरकार आठ सालों में कितनों को नौकरी दी, बताए। मौके पर वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर, विज्ञान एवं प्रावैधिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी और शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने अपनी बात कही।

undekhilive
Author: undekhilive

Leave a Comment