पटना। जनता दल यूनाइटेड या जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव 10 दिसंबर को होगा। जदयू के विभिन्न राज्यों के शीर्ष नेताओं की पटना में होने वाले दो दिवसीय कार्यक्रम में अध्यक्ष के नाम पर मुहर लगेगी। यह आयोजन 10 और 11 दिसम्बर को होने वाला है।
10 दिसम्बर को पार्टी प्रदेश मुख्यालय स्थित कर्पूरी ठाकुर सभागार में नवगठित राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी। इसीमें राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा होगी। 11 दिसम्बर को पार्टी का खुला अधिवेशन श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में होगा। इसमें देशभर के डेलिगेट शामिल होंगे। पिछले वर्षों की तरह राष्ट्रीय परिषद की बैठक दिल्ली में न होकर इस बार पटना में कराने का निर्णय पार्टी ने लिया है। दोनों बैठकों को पार्टी के नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी संबोधित करेंगे। पार्टी की कमान मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के हाथों में ही रहेगी। आरसीपी सिंह के केन्द्र में मंत्री बनने और उनके इस्तीफे के बाद 31 जुलाई को ललन सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था।
उमेश कुशवाहा का प्रदेश अध्यक्ष बनना तय
प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए शनिवार को मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने नामांकन किया है। उनका फिर से चुना जाना लगभग तय है, क्योंकि उनके अलावा और किसी ने इस पद के लिए नामांकन नहीं किया है।
कुशवाहा फिलहाल निवर्तमान अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह के कार्यकाल का दायित्व संभाल रहे हैं। बशिष्ठ नारायण ने विधानसभा चुनाव के बाद स्वास्थ्य कारणों से पद छोड़ दिया था। उसके बाद कुशवाहा को दायित्व मिला।
ललन सिंह का राजनीतिक सफर
1974 के छात्र आंदोलन की उपज रहे ललन सिंह दिसंबर 2005 में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष बने थे। वह फरवरी 2010 तक जदयू के प्रदेश अध्यक्ष रह। पहली बार 2000 में राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित हुए. वे 2004 से 2009 तक बेगूसराय और 2009 से 2014 तक मुंगेर लोकसभा के सांसद थे। 2014 में लोकसभा चुनाव में हार के बाद उन्हें राज्यपाल कोटा से जून 2014 में बिहार विधान परिषद भेजा गया।
जीतन राम मांझी मंत्रिमंडल में उन्हें पथ निर्माण मंत्री की जिम्मेदारी दी गयी थी। वह इस पद पर फरवरी 2015 तक रहे। 2015 में दोबारा महागठबंधन सरकार बनने के बाद उन्हें नीतीश कैबिनेट में जगह मिली थी। वे जल संसाधन सह योजना एवं विकास मंत्री बनाये गये। इस पद से त्यागपत्र देकर उन्होंने 2019 का लोकसभा चुनाव मुंगेर से लड़ा और विजयी हुये। इस समय लोकसभा में पार्टी संसदीय दल के नेता हैं।
