भाजपा ने अपने पुराने कार्यकर्ता केदार गुप्ता को दिया टिकट
पटना। बिहार विधानसभा की कुढ़नी सीट पर हो रहे उप चुनाव इस बार दिलचस्प मुकाबला देखने को मिलेगा। भाजपा ने भी सोमवार को अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी। उसने अपने पुराने कार्यकर्ता और यहां से पहले भी विधायक रह चुके केदार गुप्ता को मैदान में उतारा है। उन्होंने आज ही नामांकन भी कर दिया। वहीं महागठबंधन की ओर से यहां जदयू ने अपना प्रत्याशी दिया है। उसने मनोज कुमार सिंह कुशवाहा को टिकट दिया है। उल्लेखनीय है कि यहां पांच दिसंबर को वोट डाले जाएंगे।
महागठबंधन की ओर से जदयू ने इस सीट पर मनोज कुमार सिंह कुशवाहा को अपना उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले 2015 के विधानसभा चुनाव में जदयू की ओर से बतौर महागठबंधन प्रत्याशी मनोज प्रत्याशी थे और उनका मुकाबला भाजपा के केदार गुप्ता से ही था। हालांकि उन्हें इस चुनव में मुंहकी खानी पड़ी थी। केदार गुप्ता ने मनोज कुशवाहा को 11 हजार 570 मतों से हराया था। केदार को 73227 तो मनोज को 61657 वोट मिले थे।
2010 के विधानसभा चुनाव में जदयू के मनोज कुमार ने इस सीट पर लोजपा प्रत्याशी बिजेंद्र चौधरी को 1570 वोटों से हराया था। कुढ़नी विधानसभा क्षेत्र, मुजफ्फरपुर लोकसभा सीट के तहत आता है। भाजपा के अजय निषाद मुजफ्फरपुर संसदीय सीट से सांसद हैं। 2015 के लोकसभा चुनावों में भाजपा को इस विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक वोट मिले थे, जिससे उसकी जीत सुनिश्चित हुई थी।
स्नातकोत्तर हैं केदार गुप्ता
जहां तक केदार प्रसाद गुप्ता की शैक्षणिक योग्यता का सवाल है तो वह पोस्ट ग्रेजुएट हैं और उनकी उम्र 56 साल है। केदार प्रसाद गुप्ता कि कुल घोषित संपत्ति 1.4 करोड़ है। एक आपराधिक मामले उनके खिलाफ दर्ज हैं।
