मोकामा उपचुनाव : मुख्यमंत्री ने राजद के पक्ष में वोट करने की अपील की

पटना। स्वास्थ्य खराब होने की वजह से उपचुनाव में प्रचार करने नहीं जा सके मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फेसबुक के माध्यम से लोगों को मोकामा में राजद के पक्ष में वोट देने की अपील की है। जदयू अध्यक्ष सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने ट्विटर पर इस अपील की साझा की।
फेसबुक पर दिए गए संदेश में सीएम ने कहा है कि उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के साथ उन्हें भी प्रचार जाना था। स्वास्थ्य कारणों से मैं नहीं आ सका। मोकामा विधानसभा क्षेत्र से नीलम देवी महागठबंधन की ओर से राजद की उम्मीदवार हैं। मोकामा के लोगों से मेरा पुराना और घनिष्ठ रिश्ता रहा है। वहां से मुझे पांच बार लोकसभा में जाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। मोकामा विधानसभा क्षेत्र का जो विकास हुआ है, इसकी विस्तार से चर्चा की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि आप सभी इसे महसूस कर रहे हैं। पूरे टाल क्षेत्र का कोई भी ऐसा गांव नहीं है जो आज सड़क से जुड़ा नहीं है, कोई घर ऐसा नहीं है जहां बिजली उपलब्ध नहीं है। आप सबको पता है कि टाल क्षेत्र के विकास के लिए 1600 करोड़ की योजना राज्य सरकार ने अपने बलबूते दी है। इसका काम चल रहा है। जिस दिन यह योजना पूरी हो जाएगी, समस्त मोकामावासियों के लिए यह सुखद और ऐतिहासिक पल होगा। मैं तो आ नहीं पाया, लेकिन इस संदेश के माध्यम से महागठबंधन के राजद प्रत्याशी नीलम देवी को लालटेन छाप पर बटन दबाकर भारी मतों से विजयी बनाएं।

चिराग ने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मोकामा में प्रचार किया
उधर, लोजपा (रा) नेता चिराग पासवान ने सोमवार को मोकामा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार और रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मोकामा में प्रचार करने नहीं पहुंचने पर सवाल किया। आरोप लगाया कि महागठबंधन का रिश्ता ईमानदार नहीं है। इसमें अविश्वास की झलक है। यह भी आरोप लगाया कि महागठबंधन में नैतिकता नाम की चीज नहीं रह गई है। इसके बाद लोजपा नेता चिराग पासवान, प्रत्याशी सोनम देवी और लल्लू मुखिया पंडारक से मोकामा तक निकलने वाले रोड शो में शामिल हुए।

undekhilive
Author: undekhilive

Leave a Comment

× How can I help you?