सम्यक न्यूज़, पटना.
बिहार के बेगूसराय में सावन के दूसरे सोमवार को गंगा घाट पर स्नान को गए दो युवक सेल्फी लेने के चक्कर में नदी में डूब गए। दोनों के शवों की खोजबीन की जा रही है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है। वहां स्नान कर रहे लोगों ने दोनों को बचाने की काफी कोशिश की लेकिन, नदी का बहाव इतना तेज था कि कोई उनके पास तक नहीं जा पाया। सूचना मिलते ही आनन-फानन में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अभी तक दोनों युवकों के शव नहीं मिल पाए हैं। स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम की सहायता से दोनों की खोजबीन की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मामला बेगूसराय के मटिहानी के खोरमपुर गंगा घाट का है। ग्रामीणों ने बताया कि मटिहानी थाना क्षेत्र के शेरनियां जिल्ला पुर्नवास निवासी श्यामसुंदर साह के 23 वर्षीय पुत्र सुकेश कुमार व उनके पड़ोसी रामाश्रय साह के 22 वर्षीय पुत्र रामबाबू कुमार दोनों दोस्त थे। सोमवार को दोनों दोस्त एक साथ साइकिल पर सवार होकर खोरमपुर गंगा घाट में स्नान करने पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो दोनों युवक एक साथ गंगा में स्नान करते हुए सेल्फी ले रहे थे. इससे स्नान करते हुए दोंनो गहरे पानी में चले गए और दोनों डूबने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही सी.ओ मनीष कुमार व मटिहानी थानाध्यक्ष विवेक भारती दलबल के साथ गंगा घाट पर पहुंचे। सी.ओ ने बताया स्थानीय गोताखोरों व एसडीआरएफ की टीम की मदद से डूबे युवक की खोजबीन कराई जा रही है। दोनों युवकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है.
“राम”विलास के आवास में अब रहेंगे “राम”नाथ, 32 वर्षों से बना है यह अनोखा संयोग





