सुल्तानगंज से रिकॉर्ड 70 हजार कांवरियों ने उत्तरवाहिनी गंगा से उठाया जल

श्रावणी मेला अवधि में करोड़ों का व्यवसाय, सिक्किम से भी बाबा के भक्त पहुंचे    

सम्यक न्यूज़, पटना.

सोमवार को देवघर में बाबा भोलेनाथ पर जल चढ़ाने का विशेष महत्व है. इसके लिए सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम से शनिवार को एक दिन में रिकॉर्ड 70 हजार से ज्यादा कांवरियों ने उत्तरवाहिनी गंगा नदी से जल उठाया. “बोल बम” का जयघोष करते बाबा भोले के भक्त मस्ती में झूमते वैद्यनाथ धाम की ओर अपने कदम बढ़ाए. सावन में जारी श्रावणी मेला के दौरान रह-रहकर बारिश होने से खुशनुमा मौसम की वजह से कांवरियों में खुशी की लहर है. मेले का आर्थिक पक्ष भी बहुत महत्वपूर्ण है. पूरे मेला अवधि में करोड़ों का व्यवसाय होता है जिसमें नाश्ता-भोजन, पूजन सामग्री और बाबा पर चढ़ाने वाला प्रसाद पेड़ा और चूड़ा प्रमुख है.  

बाबा बैद्यनाथ पर सोमवारी जल चढ़ाने के लिए बढ़ी तादाद में कांवरियों ने शनिवार को सुल्तानगंज के उत्तरवाहिनी गंगा के पवित्र जल में डुबकी लगाई. इसके बाद विधि विधान के साथ ताम्र पात्र व अन्य पात्रों में जल लेकर बाबाधाम की ओर पूरी आस्था के साथ बोल बम का महामंत्र जाप करते आगे बढ़ते नजर आए. कांवरियों के मुखारविंद से निकल रहे बोल बम के महामंत्र से वातावरण गुंजायमान होता रहा. कांवर में जल भरकर बाबा भोले का श्रृंगार करनेवालों में बिहार, झारखण्ड और उत्तर प्रदेश के भक्तों की संख्या अधिक रहती है. इनकी सेवा-सुश्रुषा के लिए अनेक सामाजिक संगठन भी पूरे महीने काँवर पथ पर सक्रिय एवं मुस्तैद रहते हैं. सुल्तानगंज से लेकर देवघर तक शिवभक्तों का मेला पूरे माहौल को “बोल बम” के नारों से गुंजायमान रखता है. इस साल भी सिक्किम के गंगटोक शहर से कांवरियों का जत्था पहुंचा. गंगटोक, लाल मार्केट से आये कांवरिया देबकी सुब्बा, रतना सुब्बा, सम्मी प्रधान, कुसुम प्रधान, हेमक्षेत्री, निर्मला सुब्बा, स्वामी प्रधान आदि ने कहा कि अजगैबीनाथ धाम मे पूजा करने के बाद कांवरियों का मन आनंदित होता है. वे वाहन से देवघर जाएंगे और बाबा भोले की पूजा करेंगे. प्रशासन द्वारा की गयी व्यवस्था से भी कांवरिया खुश दिखे. उन्होंने कहा कि सुलतानगंज उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान के बाद सालों भर पूरी ऊर्जा मिलती रहती है.

   इस इलाके में गुरुवार को जमकर मेघ भी बरसे. इससे मौसम सुहाना हो गया. तपती धूप व ऊमस भरी गर्मी से कांवरियों को राहत मिली. अब तक के आठ दिन में गुरुवार को सर्वाधिक संख्या (1.25 लाख) में कांवरियों ने जल उठाया.

इस बीच एक दुर्घटना में एक कांवरिया की मौत भी हो गयी. उत्तरप्रदेश के महाराजगंज जिले के शिवभक्त अपनी ही कार से पांच साथियों के साथ देवघर जा रहे थे. सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर कार द्वारा बाबाधाम जाने के दौरान कटोरिया में अचानक तबीयत बिगड़ने से महाराजगंज जिला के फरिंदा गांव निवासी राधेश्याम जायसवाल के पुत्र राजेश कुमार जायसवाल (48 वर्ष) की मौत हो गयी..घटना को लेकर साथी कांवरियों में कोहराम मचा हुआ है.

मिथिला पेंटिंग- जडें मिथिलांचल में और शाखाएं अमेरिका, यूरोप तक फैलीं

undekhilive
Author: undekhilive

Leave a Comment