सम्यक न्यूज़, पटना.
पटना शहर के लोग अब अपने गली मोहल्ले में कचरा जमा होने और उसे समय पर नहीं उठाने पर अपने मोबाइल, फोन से नगर निगम को शिकायत कर सकते है. शिकायत के कुछ घंटों बाद कचरा उठाने वाली गाड़ी आकर कचरा उठाएगी. इसके लिए नगर निगम ने एक टोल फ्री नंबर 155304.जारी किया है. पटना नगर निगम ने कुछ दिनों पहले ही बरसात के दौरान जल जमाव होने पर तत्काल इसकी सुचना देने के लिए ये TOLL-FREE नंबर जारी किया था. अब यही नंबर सफाई कार्यों के लिए भी काम आएगा.
पटना में कचरा उठाव की बेहतर व्यवस्था नहीं होने के कारण वहां रहने वाले लोगों को काफी सारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. इसे लेकर नगर निगम ने अब एक नई व्यवस्था के तहत टोल फ्री नंबर की शुरुआत की है. जिसपर लोग फोन कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. शहर के सभी 75 वार्डों में कचरा गाड़ियों की मॉनिटरिंग के लिए यह नई व्यवस्था तैयार की गई है. स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम के जरिए वार्डों में जाने वाले कचरा उठाने वाली गाड़ियों को जीपीएस तकनीक से भी ट्रैक किया जा रहा है. यानी अब कचरा उठाने में इस्तेमाल होने वाली सभी गाड़ियों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी.
पटना के सभी वार्डों में कचरा उठाव के लिए वाहन होने के बावजूद कई इलाकों में कूड़ा जहां तहां पड़ा रहता है. इससे इलाके में बदबू फैलती है. इसी कारण नगर निगम ने नया एक्शन लेते हुए टोल-फ्री नंबर 155304 की शुरुआत की है. इसके तहत अगर आपको कहीं भी कचरा दिखे तो आप इस नंबर पर कॉल कर इसकी शिकायत कर सकते हैं. पटना नगर निगम की सीमा में कचरा उठाव के लिए लगभग 785 गाड़ियां मौजूद है. पटना एक बेहतर स्मार्ट सिटी की श्रेणी में आ सके, इसके लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं. यहां कचरा उठाव में इस्तेमाल होने वाली गाड़ियों की संख्या स्वच्छता की राष्ट्रीय रैंकिंग में टॉप शहर इंदौर से भी ज्यादा है. इंदौर में कचरा उठाव वाहनों की संख्या 550 है, वहीं पटना में इसकी संख्या 785 है. इसके बावजूद स्वच्छता रैंकिंग में पटना बार-बार पिछड़ जाता है. एक बार फिर नगर निगम ने स्मार्ट रैंकिंग के लिए कमर कसी है, तो यहाँ के नागरिकों से भी ये अपेक्षा है कि वे भी अपनी जिम्मेवारी समझें और शहर को साफ-सुथरा रखने में निगम प्रशासन को सहयोग करें.
अक्टूबर में हो सकते हैं नगर निकाय चुनाव





