अपनी यात्रा में भी लजीज व्यंजनों का आनंद उठाना चाहते हैं तो आईआरसीटीसी आपकी यह ख्वाहिश भी पूरी करेगा। आप अपनी सीट पर पिज्जा, बर्गर और चाइनीज फुड का लुत्फ उठा सकते हैं।
ट्रेनें सुविधाजनक यात्रा के लिए जानी जाती हैं। देशभर में रेलवे का जाल बिछा हुआ है। ट्रेनों में कई तरह की सुविधाएं मिलती हैं, उनमें से एक है यात्रा के दौरान खाना। पुराने समय से निकलकर रेलवे अब नए दौर में पहुंच गया है। अब टिकट बुक करने के लिए काउंटर पर जाने की जरूरत नहीं है। यह काम घर बैठे ऑनलाइन संभव है। इसी तरह अब यात्रा के दौरान पैंट्री कार के खाने के साथ ही आप अपना मनपसंद खाना भी बुक कर सकते हैं और यह आपकी सीट पर पहुंच जाएगा। इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क भी नहीं देना पड़ेगा। आईआरसीटीसी ई-कैटरिंग की सुविधा दे रहा है, जिसके जरिए ना सिर्फ आप अपना पसंदीदा खाना ऑनलाइन ऑर्डर कर सकते हैं, बल्कि उसे अपनी बर्थ या अपने पसंदीदा स्टेशन पर मंगा सकते हैं।
ये बातें जानना जरूरी
- ऑनलाइन भोजन बुक करने के लिए कंफर्म टिकट या वेटिंग टिकट की जरूरत पड़ती है, इसमें पीएनआर होता है, जिससे यात्री की पहचान होती है
- ई-केटरिंग सर्विस पेमेंट करने के लिए ऑनलाइन के साथ कैश ऑन डिलीवरी का विकल्प भी है
- यह सुविधा सुबह 6 बजे से रात 10 बजे के बीच उपलब्ध है।
- अगर ट्रेन लेट होती है और खाना नहीं मिलता है तो यूजर्स को पूरा रिफंड मिलेगा
ऐसे बुक करें खाने
- वर्तमान में ट्रेन के सफर में खाना ऑर्डर करने के तीन तरीके हैं- ई-कैटरिंग वेबसाइट, फूड ऑन ट्रैक मोबाइल एप और 1323 पर कॉल करके
- www.ecatering.irctc.co.in पर जाएं और पीएनआर नंबर दर्ज करें
- ड्रॉप डाउन मेनू से स्टेशन चुनें
- इसके बाद आपके सामने सभी रेस्टोरेंट की लिस्ट आ जाएगी, जिसमें से आप खाना ऑर्डर करना चाहते हैं अब उसे चुनें
- अपने कार्ट में खाना जोड़ें और भुगतान के साथ आगे बढ़ें।
-एक डिलीवरी कोड प्रदान किया जाएगा जिसे आपको डिलीवरी के समय शेयर करना होगा।
फूड ऑन ट्रैक मोबाइल एप से
-अपने स्मार्टफोन पर ‘फूड ऑन ट्रैक’ एप डाउनलोड करें
- इसके बाद पीएनआर डिटेल दर्ज करें, रेस्तरां और भोजन चुनें, भुगतान करें
-सेवा प्रदाता खाना चुने गए स्टेशन पर आपकी सीट पर पहुंचा देगा





