राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज नामांकन करेंगी। नामांकन में जदयू के पांच सांसद प्रस्तावक बने हैं। इनमें ललन सिंह के अलावा, सुनील कुमार पिंटू, चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, आलोक कुमार सुमन व दिलेश्वर कामत शामिल हैं। रालोसपा के कई नेता भी प्रस्तावक हैं।
राष्ट्रपति पद की एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के नामांकन में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह भी शामिल होंगे। शुक्रवार को दिल्ली में द्रौपदी मुर्मू का नामांकन होना है। ललन सिंह गुरुवार की देर शाम दिल्ली पहुंच गये। नामांकन में जदयू के पांच सांसद प्रस्तावक भी हैं। इनमें ललन सिंह के अलावा, सुनील कुमार पिंटू, चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, आलोक कुमार सुमन और दिलेश्वर कामत शामिल हैं। वहीं रालोजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रवण कुमार अग्रवाल ने बताया कि नामांकन के दौरान पशुपति पारस सहित पार्टी के सभी सांसद की उपस्थिति रहेगी।
पारस ने भी किया हस्ताक्षर
रालोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री पशुपति कुमार पारस, सांसद प्रिंस राज, चौधरी महबूब अली कैसर, चंदन सिंह एनडीए द्वारा घोषित राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के नामांकन में प्रस्तावक हैं। नई दिल्ली में गुरुवार को इस संबंध में सभी सांसदों ने प्रस्तावक के रूप में हस्ताक्षर किया। शुक्रवार को राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। पशुपति पारस ने कहा कि एनडीए ने आदिवासी महिला को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है, लिहाजा विपक्षी दलों को भी समर्थन करना चाहिए।





