यह कैसी मां ! फ्रिज, टीवी, वॉशिंग मशीन और कूलर के लालच में मां ने अपने ही बेटे को बेच दिया

पटना, सम्यक न्यूज

दिल को झकझोरने वाली यह घटना इंदौर की है। यहां एक मां ने अपने ही 15 दिन के बच्चे को बेच दिया। हद तो यह है कि बेटे को बेचने के बाद मिले पैसे से उसने फ्रिज, टीवी, वॉशिंग मशीन और कूलर खरीद लिया। इस काम में आरोपित के पति ने भी साथ दिया है। इस मामले में पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें से 6 को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार इंदौर के हीरा नगर इलाके में रहने वाली शायना बी ने पुलिस को बताया कि उसके पति को बच्चे को लेकर शक था। महिला ने कहा- ‘मेरा पति अबॉर्शन कराना चाहता था, लेकिन समय ज्यादा हो गया था तो हमने दलालों के माध्यम से शिशु को बेचने का प्लान बनाया और देवास के एक दंपती को बेच दिया।’ पुलिस ने बताया कि शिशु को लीना नाम की एक महिला ने खरीदा था। लीना ने बताया कि हाल ही में उसके दो बच्चों की मौत हो गई थी। जिसके बाद उसने साढ़े पांच लाख में बच्चा खरीद लिया।
छह आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि शिशु को बेचने के बाद मिले पैसों से महिला ने टीवी, फ्रिज, कूलर और वॉशिंग मशीन जैसे सामान खरीद लिए थे, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने कहा, ‘मामले की जानकारी सामाजिक कार्यकर्ताओं के माध्यम से मिली थी। मामले में आरोपी मां शायरा बी समेत आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें एक नाबालिग भी है। आरोपियों में से छह को गिरफ्तार कर लिया गया है और दो फिलहाल फरार हैं। पुलिस ने दावा किया कि जल्द ही फरार आरोपित भी गिरफ्त में होंगे।

undekhilive
Author: undekhilive

Leave a Comment