माहेश्वरी समाज का स्थापना दिवस कल
सम्यक न्यूज़, पटना.
ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष नवमी या महेश नवमी को अपने स्थापना दिवस के अवसर पर माहेश्वरी समाज आस्था और भक्ति के रंग में सराबोर होगा. मंगलवार को न्यू डाकबंगला रोड स्थित बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन भवन में शिव भजन संध्या एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है. इसमें कलाकार सुश्री रीमा सिंह और श्री बसंत थिरानी के द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुति होगी. यह जानकारी बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष महेश जालान ने दी.
यह सुखद संयोग ही है कि अपने कंठ में हलाहल धारण करने वाले भगवान शिव को भजनों से रिझाकर माहेश्वरी समाज भजन संध्या में अमृत चखेगा. शिव भजन संध्या कार्यक्रम के बारे में श्री जालान ने बताया कि मारवाड़ी सम्मेलन विभिन्न सुगंधित पुष्पों, पौधों और लताओं का वह बगीचा है जिसमें अग्रवाल, माहेश्वरी, खंडेलवाल, जैन, सरावगी, ओसवाल, पोरवाल, ब्राह्मण आदि सभी समाहित हैं। इस बगिया में सुगंध फ़ैलाने और इसे सँवारने में मारवाड़ी समाज के दूसरे सबसे बड़े घटक माहेश्वरी समाज का बहुत योगदान है. भले ही वे देश में काफी कम संख्या में है लेकिन, जहाँ भी हैं, इस समाज के कर्मठ बंधुओं ने व्यवसाय में निपुणता के साथ जनसेवा का उत्कृष्ट कार्य किया है। श्री जालान ने कहा कि समाज के सभी वर्गों-घटकों के साथ प्रगाढ़ संबंध स्थापित करना और उन्हें एक सूत्र में बाँध कर संगठन को मजबूती प्रदान करना सम्मेलन का दायित्व है। इस दायित्व के निर्वहन की दिशा में भजन संध्या एक छोटा सा कदम है.
इस मौके पर मारवाड़ी सम्मेलन के वरीय उपाध्यक्ष राजेश बजाज ने बताया कि कल आमंत्रित समस्त समाज बंधुओं को माहेश्वरी समाज की उत्पत्ति एवं उनके कार्यों के बारे में जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट सामाजिक योगदान के लिए समाज बंधुओं को सम्मानित भी किया जाएगा। प्रसाद वितरण के उपरांत कार्यक्रम की समाप्ति होगी।
सम्मेलन के महामंत्री योगेश तुलस्यान ने कहा कि समारोह में शामिल होने के लिए समस्त समाज बंधुओं को आमंत्रित किया गया है ताकि वे सभी भगवान शिव के भजनों की पावन प्रस्तुति का आनंद उठाएं तथा इस कार्यक्रम को सफल बनाएं।
इंतज़ार ख़त्म, समर कैंप में बच्चे आ रहे हैं धमाल मचाने





