एमआईजी पार्क के आस-पास मनचलों का आतंक

सम्यक न्यूज़. पटना.

कंकड़बाग स्थित 100 एमआईजी पार्क (लोहिया नगर) के आस-पास मनचलों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि बड़े-बुजुर्ग अब सुबह-शाम टहलने से परहेज़ करने लगे हैं. पार्क में आनेवाली महिलाओं, लड़कियों पर भी मनचले छींटाकसी करते हैं. आज ही शाम लगभग 85 वर्षीय एक बुज़ुर्ग नागरिक एवं सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक लाला गोविन्द लाल को टहलने के दौरान ही साइकिल से स्टंट कर रहे आवारा लड़कों ने धक्का मार दिया और भाग गए. इससे पशु चिकित्सक सड़क पर ही मुंह के बल गिर गए और उनके घुटनों, कोहनी और मुंह से खून निकलने लगा. आस-पास के लोगों ने उन्हें उठाया और उनकी प्राथमिक चिकित्सा की. धक्का लगने के कारण वे काफी नर्वस हो गए थे. पार्क के आस-पास के लोगों ने बताया कि सभी आवारा लड़के मोहल्ले के बाहर के हैं और यहाँ सुबह-शाम अड्डा जमाये रहकर अवांछित हरकते करते हैं. पार्क के पास से तीन-चार साइकिल भी चोरी हो चुकी है. इससे स्थानीय लोग काफी परेशान रहते हैं और खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं. लोगों ने बताया कि लगभग साल भर पहले इसी पार्क के पास टहल रहे सेवानिवृत्त आईएएस पदाधिकारी देवीदयाल प्रसाद को भी आवारा लड़कों ने साइकिल से ही धक्का मार दिया था. इससे उनका पैर टूट गया था और करीब एक महीने तक बिस्तर पर रहने के बाद उनका निधन हो गया था.   

सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक की प्राथमिक चिकित्सा करते परिजन

गौरतलब है कि ये इलाका 100 एमआईजी कहलाता है और कंकड़बाग थाना क्षेत्र में आता है. इस इलाके में कभी पुलिस की पेट्रोलिंग नहीं होती है जिससे यहाँ असामाजिक तत्वों को छिपकर बेजा हरकते करने में आसानी होती है. कुछ भी गलत करके मनचले यहाँ से फरार हो जाते हैं. स्थानीय निवासियों ने इलाके में पुलिस पेट्रोलिंग कराने की मांग की है ताकि लोग सुकून से रह सकें.   

      हस्तकरघा और हस्तशिल्प के उत्पाद के लिए खुला हाट

undekhilive
Author: undekhilive

Leave a Comment