सम्यक न्यूज़, पटना.
आज संपन्न मंत्रिपरिषद की बैठक में बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति (वस्त्र एवं चर्म) नीति 2022 के गठन को मंजूरी मिल गयी. बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज ने इसका गर्मजोशी से स्वागत किया है तथा इसके लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार एवं माननीय उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
चैम्बर के अध्यक्ष श्री पी० के० अग्रवाल ने कहा कि बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति (वस्त्र एवं चर्म नीति) के आने से वस्त्र, पोशाक, रेशम विद्युत चरखा, चमड़ा, सभी तरह के जूते तथा सम्बद्ध उद्योगों के समग्र प्रक्षेत्रीय विकास को बढ़ावा
मिलेगा तथा निवेशक प्रोत्साहित होंगे। इस नई नीति में निवेशकों को बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति, 2016 के अन्तर्गत मिलनेवाले लाभों के अतिरिक्त इकाइयों को पावर टैरिफ, रोजगारअनुदान, पूंजीगत अनुदान, फ्रेट सब्सिडी एवं पेटेंट सब्सिडी का भी प्रावधान किया गया है, जो काफी प्रशंसनीय है।

श्री अगवाल ने आशा व्यक्त की कि 2021 में लाई गई बिहार की एथेनॉल उत्पादन प्रोत्साहन नीति काफी सफल रही और इसके तहत अनेक निवेशकों ने निवेश के लिए अपना प्रस्ताव दिया है. साथ ही पूर्णिया में स्थित प्रथम इथेनॉल की उत्पादन इकाई में उत्पादन भी प्रारम्भ हो चुका है। ठीक उसी प्रकार से बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति (वस्त्र एवं चर्म) नीति 2022 में दी गयी रियायतों और प्रोत्साहनों से देश के अन्य प्रान्तों के निवेशक टेक्सटाइल उद्योग लगाने के लिए आकर्षित होंगे।

श्री अग्रवाल ने कहा कि बिहार में टेक्सटाइल कंपनियों के आने से काफी संख्या में बिहार के लोग जो देश के विभिन्न प्रान्तों यथा पंजाब, राजस्थान, गुजरात एवं अन्य भागों में कार्यरत टेक्सटाइल कंपनियों में अपनी सेवा प्रदान कर रहे हैं, उन्हें अपने घर में ही रोजगार मिलेगा। इस उद्योग में मशीन के माध्यम से होनेवाले कार्यों के अतिरिक्त हाथों से भी काफी कार्य होता है. इसलिए इस तरह के उद्योगों के आने से राज्य में काफी लोगों को रोजगार मिलेगा। चैम्बर के उपाध्यक्ष श्री एन० के० ठाकुर एवं श्री मुकेश कुमार जैन, महामंत्री श्री अमित मुखर्जी, कोषाध्यक्ष श्री विशाल टेकरीवाल, संयोजक श्री सुभाष कुमार पटवारी एवं श्री ए० के० पी० सिन्हा, पूर्व महामंत्री श्री पशपुति नाथ पाण्डेय, पूर्व कोषाध्यक्ष श्री सुबोध कुमार जैन, कार्यकारिणी सदस्य श्री सुनील सर्राफ एवं श्री अजय कुमार गुप्ता तथा वरीय सदस्य श्री आशीष प्रसाद ने हर्ष एवं उल्लास के साथ नयी नीति स्वागत किया है.
अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में बिहार की लम्बी छलांग





