“पप्पू” का कमाल, पत्नियों का धमाल

सम्यक न्यूज़, पटना.

आम तौर पर फिल्मों में “एक फूल दो माली” की कहानी सुनने को मिलती है अर्थात एक लड़की के दो दीवाने. ऐसा कम ही होता है कि एक लड़के की दो लड़कियां दीवानी होती हैं. मगर पटना जिले के बाढ़ थाने के सामने एक “पप्पू” की दो पत्नियों ने धमाल मचा दिया. उसकी दो पत्नियों ने थाने के सामने घंटों हाई वोल्टेज ड्रामा किया। दोनों आपस में बीच सड़क पर लड़ती रहीं। पति “पप्पू” पर अपना हक जताने के लिए दोनों के बीच हुई मारपीट को वहां खड़े लोग देखते रहे। स्थानीय लोगों ने दोनों को लड़ाई बंद करने की सलाह दी, लेकिन दोनों महिलाओं ने “मेरा पति सिर्फ मेरा है” कहकर एक दूसरे पर हमला करती रहीं। दरअसल ये सारा ड्रामा बाढ़ थाना के बाहर होता रहा लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। अगर भनक लगी भी होगी तो पुलिस कहाँ इस घर के झगड़े में उलझे.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र के वलीपुर मोहल्ला के निवासी “पप्पू राम” नामक युवक ने समियागढ़ लक्ष्मी पुर निवासी रानी कुमारी के साथ हिन्दू रीति रिवाज के मुताबिक शादी की थी। दोनों का वैवाहिक जीवन भी सही चल रहा था। शादी के बाद पप्पू को एक पुत्र और पुत्री भी हुई। बेटा, बेटी और पत्नी के साथ पप्पू अपनी गृहस्थी आगे बढ़ा रहा था। लेकिन इस बीच पप्पू की नजदीकियां मोहल्ले की एक विवाहित महिला से बढ़ने लगीं. धीरे-धीरे दोनों एक दूसरे के करीब आ गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि ढाई साल पहले अचानक पप्पू मोहल्ले की विवाहित महिला को लेकर गुजरात फरार हो गया और उससे भी शादी कर ली। दूसरी पत्नी से भी पप्पू को दो बेटे हुए। लेकिन 18 मई मंगलवार को पप्पू के जीवन में “अमंगल ” का प्रवेश हो गया. पप्पू दूसरी पत्नी और दोनों बेटों के साथ अपने घर बाढ़ लौट आया।

घर लौटने के बाद “पप्पू” ने पहली पत्नी को पूरा माजरा बताया और दोनों पत्नियों को साथ रहने के लिए कहा। यह सुनते ही पहली पत्नी “रानी” के तन-बदन में आग लग गयी. मामले ने तूल पकड़ लिया। दरअसल “पप्पू राम” ने “मुंशी प्रेमचंद” की कहानी नहीं पढ़ी थी. इसमें “मुंशी प्रेमचंद” ने लिखा है कि “एक विवाहित स्त्री सब कुछ बर्दाश्त कर सकती है लेकिन सौतन बर्दाश्त नहीं कर सकती है.” वही हुआ. पहली पत्नी “रानी” ने पप्पू की इस बात का विरोध करना शुरू कर दिया और दूसरी महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। बवाल होता देख आस-पास के लोग सबको थाने लेकर पहुंचे। लेकिन थाने के गेट पर ही दोनों महिलाएं आपस में उलझ गईं। बीच सड़क पर ही दोनों मारपीट करने लगीं। काफी देर तक थाने के बाहर बीच सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। कुछ देर बाद बिना थाने में गए सभी लोग वहां से चले गए। कलह का बीजारोपण तो हो गया है. अब आगे आगे देखिये होता है क्या.

हाथों के हुनर को सहारा मिला स्वाभिमान का

undekhilive
Author: undekhilive

Leave a Comment