सांसों की डोर थामने को साथ हुए महावीर अस्पताल और स्टेट बैंक

सम्यक न्यूज़, पटना.

पिछले दो साल में कोरोना महामारी के दौरान ऑक्सीजन सिलिंडरों और वेंटिलेटर की किल्लत ने आम आदमी को हलकान कर दिया था. इससे सबक लेते हुए महावीर मन्दिर न्यास और भारतीय स्टेट बैंक गंभीर मरीजों की सांसों की डोर थामने को एक साथ खड़े हो गए हैं. महावीर मंदिर न्यास द्वारा संचालित महावीर वात्सल्य अस्पताल में गंभीर मरीजों के इलाज के लिए भारतीय स्टेट बैंक की ओर से नयी वेंटिलेटर मशीन दी गयी है । भारतीय स्टेट बैंक ने कारपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत लगभग 15 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त जीवनरक्षक वेंटिलेटर मशीन दान दिया है। महावीर वात्सल्य अस्पताल में इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन भारतीय स्टेट बैंक, पटना मंडल के मुख्य महाप्रबंधक श्री सुरेन्दर राणा और महावीर मन्दिर न्यास के सचिव श्री आचार्य किशोर कुणाल ने संयुक्त रूप से किया। 

इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक , पटना मंडल के मुख्य महाप्रबंधक श्री सुरेन्दर राणा ने कहा कि महावीर मन्दिर न्यास द्वारा संचालित अस्पताल समाज के सभी तबके के लोगों की सेवा करने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं। भारतीय स्टेट बैंक हमेशा से ही अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के तहत ऐसे गैरसरकारी संगठनों को सहयोग करता रहा है। हम बैंकिंग के साथ-साथ अपने समाज के प्रति दायित्वों का निर्वहन भी ईमानदारी पूर्वक करते हैं। मुख्य महाप्रबंधक ने बताया कि स्टेट बैंक की ओर से ग्राहक सुविधाओं का भी लगातार विस्तार किया जा रहा है। बैंक की शाखाओं को अधिक से अधिक कस्टमर फ्रेंडली बनाया जा रहा है। साथ ही बैंकिंग में कैशलेस व्यवस्था को प्रोत्साहित करने के लिए अत्याधुनिक तकनीकों का समावेश किया जा रहा है।

सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने सर्वप्रथम भारतीय स्टेट बैंक को वेंटिलेटर मशीन दान देने हेतु धन्यवाद दिया और कहा कि महावीर वात्सल्य अस्पताल का उद्देश्य आम जन को कम खर्च में गुणवत्तापूर्ण इलाज  उपलब्ध कराना है। समाज के सभी तबके तक स्वास्थ्य सुविधाओं को पहुंचाने के मिशन के साथ महावीर मन्दिर न्यास की ओर से पटना में पांच अस्पतालों का संचालन किया जा रहा है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए पटना के राजीव नगर में जुलाई महीने से विशिष्ट अस्पताल शुरू किया जा रहा है। यहां सीजीएचएस दरों पर सभी सीनियर सिटीजन का इलाज होगा। उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल लाने की सुविधा निःशुल्क मुहैया कराई जाएगी। स्टेट बैंक की चर्चा करते हुए आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया एक विश्वसनीय बैंक है और भारत का प्रमुख सरकारी बैंक के रूप में इसकी अपनी एक विशिष्ट गरिमा है।

आचार्य किशोर कुणाल ने कहा कि एक समय था जब महावीर मन्दिर की वार्षिक आय मात्र 11 हजार रुपये दर्शायी जाती थी। अब महावीर मन्दिर न्यास का सालाना बजट 203 करोड़ रुपये हो गया है। इसकी परिसंपत्तियों का मूल्य एक हजार करोड़ रुपये लगभग है। महावीर मन्दिर के हनुमानजी अब विराट स्वरूप धारण कर विराट् रामायण मन्दिर के रूप में सामने आने वाले हैं। पूर्वी चंपारण के केसरिया के निकट दस साल पहले विराट अंकोरवाट मन्दिर के नाम से भव्य मन्दिर निर्माण की तैयारी शुरू की गई। किन्तु नाम आदि को लेकर कंबोडिया सरकार की आपत्ति के बाद तीन साल यह विवाद में उलझा रहा। अब विराट रामायण मन्दिर के रूप में संसार के सबसे ऊंचे मन्दिर का निर्माण शुरू होने जा रहा है।

इस अवसर पर महावीर वात्सल्य अस्पताल के शासी निकाय के अध्यक्ष और पटना हाई कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस पी के सिन्हा, बिहार-झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव विजय शंकर दूबे, विराट रामायण मन्दिर के निदेशक और पूर्व जिला जज विशेश्वरनाथ मिश्रा, महावीर वात्सल्य अस्पताल के निदेशक डॉ एस एन सिन्हा, अपर निदेशक डॉ लखीन्द्र प्रसाद, डॉ डी के रमण, स्टेट बैंक पटना मुख्य शाखा के सहायक महाप्रबंधक श्री संजय कुमार, अरविंद कुमार एवं अन्य वरीय अधिकारी आदि मौजूद थे।

सनातन एवं जैन धर्म में खास महत्व है अक्षय तृतीया का

undekhilive
Author: undekhilive

Leave a Comment